नेपाल में भीषण फ्लैश फ्लड से तबाही, 22 की मौत; सैकड़ों लापता


काठमांडू। नेपाल के उत्तरी हिमालयी क्षेत्र में बुधवार को आई भीषण फ्लैश फ्लड ने व्यापक तबाही मचा दी। अधिकारियों के अनुसार अब तक कम से कम 22 लोगों की मौत हुई है, जबकि पर्यटकों और श्रमिकों समेत सैकड़ों लोग लापता बताए जा रहे हैं।
बताया गया कि भोटेकोशी नदी में सुबह अचानक जलस्तर बढ़ने के बाद बाढ़ का पानी कई बस्तियों में घुस गया। नुवाकोट समेत प्रभावित इलाकों में मकान, सड़कें, पुल, वाहन और जलविद्युत परियोजनाओं को नुकसान पहुंचने की सूचना है। भारी मात्रा में मलबा आने से राहत एवं बचाव कार्य में भी कठिनाई हो रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 384 पर्यटकों के लापता होने की सूचना है, जिनमें भारत सहित कई देशों के नागरिक शामिल हैं। नेपाल सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में बचाव अभियान तेज कर दिया है और लोगों को भोटेकोशी, त्रिशूली तथा नारायणी नदियों के किनारों से दूर रहने की अपील की है।
अधिकारियों ने भारत और चीन से भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग मांगा है। मृतकों और लापता लोगों की संख्या में बदलाव संभव है, क्योंकि खोज अभियान जारी है।






