खटीमा महाविद्यालय के डॉ. सुरेन्द्र पडियार को मिला प्रतिष्ठित ‘टीचर ऑफ द ईयर अवॉर्ड–2026’, प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने किया सम्मानित

खटीमा। गणितीय अनुसंधान, उच्च शिक्षा एवं अकादमिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए हेमवती नन्दन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खटीमा के गणित विभाग में कार्यरत सहायक प्राध्यापक डॉ. सुरेन्द्र विक्रम सिंह पडियार को प्रतिष्ठित नौवें ‘टीचर ऑफ द ईयर अवॉर्ड–2026’ से सम्मानित किया गया। देहरादून में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में उत्तराखंड शासन के प्रमुख सचिव, ऊर्जा विभाग डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया।

मूल रूप से नैनीताल जनपद के ओखलकांडा विकासखंड के नरतोला गांव निवासी डॉ. पडियार वर्ष 2014 से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षण एवं अनुसंधान कार्यों में सक्रिय हैं। उन्होंने अपने शैक्षणिक एवं शोध कार्यों के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।

शोध एवं अकादमिक क्षेत्र में उनकी उपलब्धियां उल्लेखनीय हैं। उनके नाम 55 शोधपत्र, 10 पेटेंट तथा पांच पुस्तकें दर्ज हैं। गणितीय मॉडलिंग, ऑपरेशंस रिसर्च, सप्लाई चेन मैनेजमेंट, इन्वेंटरी मैनेजमेंट, ग्रीन इन्वेस्टमेंट, सर्कुलर इकोनॉमी एवं रिवर्स लॉजिस्टिक्स उनके प्रमुख शोध क्षेत्र हैं। उनके शोध कार्यों में गणितीय तकनीकों के माध्यम से औद्योगिक, आर्थिक एवं प्रबंधन संबंधी जटिल समस्याओं के समाधान पर विशेष बल दिया गया है।

डॉ. पडियार अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों, संगोष्ठियों और अकादमिक कार्यक्रमों में आयोजन सचिव, मुख्य वक्ता एवं विशेषज्ञ के रूप में अपनी भूमिका निभा चुके हैं। आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान एवं उच्च शिक्षा के साथ-साथ भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण और संवर्धन के लिए भी वे निरंतर प्रयासरत हैं। विशेष रूप से वैदिक गणित के प्रचार-प्रसार तथा विद्यार्थियों में भारतीय गणितीय ज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने के लिए उनके द्वारा विभिन्न कार्यशालाओं एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है।

डॉ. पडियार को इससे पूर्व भी अनेक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से नवाजा जा चुका है। इनमें युवा वैज्ञानिक पुरस्कार (2021), सर्वश्रेष्ठ शोधार्थी पुरस्कार (2021), सर्वश्रेष्ठ शोध पुरस्कार (2022), अंतरराष्ट्रीय युवा वैज्ञानिक पुरस्कार (2023), अंतरराष्ट्रीय विशिष्ट युवा उपलब्धि पुरस्कार (2023), उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव द्वारा प्रदान किया गया टीचर ऑफ द ईयर पुरस्कार (2023), मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रदान किया गया देवभूमि शिक्षा उत्कृष्टता पुरस्कार (2023) तथा वैश्विक शिक्षक रत्न पुरस्कार (2026) प्रमुख हैं।

टीचर ऑफ द ईयर अवॉर्ड–2026 के लिए गठित स्क्रीनिंग एवं चयन समिति की बैठक 14 नवंबर 2026 को आयोजित हुई थी। बैठक की अध्यक्षता वीएमएसबी उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. तृप्ता ठाकुर ने की थी तथा उत्तराखंड शासन के उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक प्रो. आनंद सिंह उनियाल संयोजक के रूप में शामिल रहे। चयन प्रक्रिया में विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति एवं वरिष्ठ शिक्षाविदों ने भी सहभागिता की।

इस प्रतिष्ठित सम्मान से सम्मानित होने पर डॉ. पडियार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसका श्रेय अपने गुरुजनों, माता-पिता, परिवार, महाविद्यालय के प्राचार्य, सहकर्मियों, विद्यार्थियों एवं शुभचिंतकों के मार्गदर्शन और सहयोग को दिया।

डॉ. पडियार की इस उपलब्धि पर उच्च शिक्षा जगत, महाविद्यालय परिवार, विद्यार्थियों एवं क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। नरतोला गांव से निकलकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय अकादमिक मंच पर अपनी पहचान स्थापित करने वाले डॉ. पडियार की यह उपलब्धि खटीमा, ओखलकांडा, नैनीताल जनपद सहित समूचे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है।

Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page