विज्ञान शिक्षा और नवाचार को नई ऊंचाइयां देने वाले डॉ. भारत पाण्डेय को मिला ‘टीचर ऑफ द ईयर अवॉर्ड–2026’, प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने किया सम्मानित

देहरादून। विज्ञान शिक्षा, अनुसंधान, वैज्ञानिक नवाचार एवं विज्ञान के लोकप्रियकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्व. जयदत्त वैला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत के रसायन विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. भारत पाण्डेय को प्रतिष्ठित नौवें ‘टीचर ऑफ द ईयर अवॉर्ड–2026’ से सम्मानित किया गया। देहरादून में आयोजित सातवें देहरादून इंटरनेशनल साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल (DISTF–2026) के अंतर्गत आयोजित समारोह में उत्तराखंड शासन के प्रमुख सचिव, ऊर्जा विभाग डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।

विगत दो दशकों से उच्च शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान एवं शैक्षणिक नवाचार के क्षेत्र में सक्रिय डॉ. पाण्डेय ने विशेष रूप से पर्वतीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक वैज्ञानिक शिक्षा, डिजिटल प्रयोगशालाओं और अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक समुदाय से जोड़ने की दिशा में अनेक अभिनव पहल की हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर के वैज्ञानिक ज्ञान एवं अनुसंधान के अवसर उपलब्ध कराने के उनके प्रयासों ने विज्ञान शिक्षा को नई दिशा प्रदान की है।

विज्ञान के लोकप्रियकरण के क्षेत्र में डॉ. पाण्डेय की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक व्याख्यान शृंखलाओं के आयोजन एवं समन्वय में उनकी सक्रिय भूमिका शामिल है। उनके प्रयासों से विद्यार्थियों को नोबेल पुरस्कार विजेता प्रो. डेविड जे. वाइनलैंड एवं प्रो. मॉर्टन पी. मेल्डल सहित विश्व के अनेक प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों के व्याख्यानों से जुड़ने का अवसर मिला। क्वांटम विज्ञान, आधुनिक रसायन विज्ञान, ब्रह्मांड विज्ञान एवं अनुसंधान के नवीन विषयों पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा, तार्किक चिंतन और अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

आधुनिक तकनीक को विज्ञान शिक्षा से जोड़ने की दिशा में भी डॉ. पाण्डेय का योगदान उल्लेखनीय है। आईआईटी दिल्ली एवं आईआईटी बॉम्बे की वर्चुअल लैब गतिविधियों के माध्यम से उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल प्रयोगात्मक शिक्षा से जोड़ने का कार्य किया। कोविड काल में आईआईटी दिल्ली के सहयोग से प्रारंभ हुई वर्चुअल लैब गतिविधियों ने विद्यार्थियों को घर बैठे वैज्ञानिक प्रयोगों को समझने का अवसर प्रदान किया। इसके बाद रानीखेत महाविद्यालय में आईआईटी बॉम्बे की वर्चुअल लैब के माध्यम से भी डिजिटल प्रयोगात्मक शिक्षा को बढ़ावा दिया गया। यह पहल विशेष रूप से पर्वतीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी रही है, जहां आधुनिक प्रयोगशाला सुविधाएं सीमित हैं।

विज्ञान के क्षेत्र में छात्राओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से उत्तराखंड विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) तथा विज्ञानशाला के सहयोग से संचालित ‘कल्पना–SHE for STEM’ कार्यक्रम में भी डॉ. पाण्डेय महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में रानीखेत महाविद्यालय की पांच छात्राओं का प्रतिष्ठित एक्सेलेरेटर चरण के लिए चयन हुआ है। यह उपलब्धि पर्वतीय क्षेत्र की छात्राओं में वैज्ञानिक प्रतिभा, नवाचार एवं नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में भी डॉ. पाण्डेय की उपलब्धियां उल्लेखनीय हैं। प्राकृतिक उत्पाद रसायन विज्ञान, हिमालयी औषधीय पौधों एवं जैव सक्रिय यौगिकों पर केंद्रित उनके अनेक शोधपत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। उनके शोध कार्यों की गुणवत्ता एवं वैज्ञानिक महत्त्व को मान्यता देते हुए उत्तराखंड सरकार के उच्च शिक्षा विभाग की मुख्यमंत्री उत्कृष्ट शोध पत्र प्रकाशन प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत उनके शोधपत्रों का दो बार चयन किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त वे चार पुस्तकों के लेखक हैं तथा विभिन्न पेटेंट एवं तकनीकी नवाचारों से भी जुड़े हुए हैं। वे प्रतिष्ठित लिनियन सोसाइटी ऑफ लंदन के आजीवन सदस्य भी हैं।

डॉ. पाण्डेय को इससे पूर्व डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम नेशनल एक्सीलेंस अवॉर्ड–2026, देवभूमि शिक्षा उत्कृष्टता पुरस्कार–2023 तथा एकेडमिक एक्सीलेंस अवॉर्ड–2023 एवं 2024 सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2025 में उत्तराखंड सरकार के मुख्यमंत्री उत्कृष्टता एवं सुशासन पुरस्कार के लिए भी उनका नामांकन हुआ था। इसके अतिरिक्त वर्ष 2023 में नीति आयोग द्वारा आयोजित तृतीय मुख्य सचिव सम्मेलन में उनके फीडबैक नोट को ‘वॉल ऑफ फेम’ में स्थान मिला था।

वर्तमान में डॉ. पाण्डेय महाविद्यालय के विज्ञान लोकप्रियकरण प्रकोष्ठ, वर्चुअल लैब एवं SHE for STEM कार्यक्रम के समन्वयक, शोध प्रकोष्ठ एवं आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के सह-समन्वयक तथा उत्तराखंड विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के अल्मोड़ा जनपद समन्वयक के रूप में विभिन्न शैक्षणिक, वैज्ञानिक एवं नवाचार संबंधी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

टीचर ऑफ द ईयर अवॉर्ड–2026 के लिए गठित स्क्रीनिंग एवं चयन समिति की बैठक 14 नवंबर 2026 को आयोजित हुई थी। उच्चस्तरीय चयन प्रक्रिया के उपरांत डॉ. पाण्डेय का चयन इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए किया गया। उन्हें यह सम्मान मिलने पर रानीखेत महाविद्यालय, अल्मोड़ा जनपद एवं समूचे उत्तराखंड के उच्च शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है। विज्ञान को केवल कक्षाओं और प्रयोगशालाओं तक सीमित न रखकर पर्वतीय विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिकों, आधुनिक तकनीकों और अनुसंधान के नए अवसरों से जोड़ने के उनके प्रयासों ने उन्हें एक नवाचारी शिक्षाविद् के रूप में विशिष्ट पहचान दिलाई है। उनकी यह उपलब्धि उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय होने के साथ-साथ युवा शिक्षकों एवं शोधार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page