नैनीताल पुलिस ने छह निरीक्षकों को दी भावभीनी विदाई, उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना

हल्द्वानी। नैनीताल जनपद से स्थानांतरित होकर अन्य जिलों में नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे छह निरीक्षकों के सम्मान में मिनी पुलिस लाइन, हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में विदाई समारोह आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की अध्यक्षता में हुए समारोह में अधिकारियों की कर्तव्यनिष्ठा, सरल स्वभाव और जनहित में दी गई सेवाओं की सराहना की गई।

स्थानांतरित होने वाले अधिकारियों में कालाढूंगी के प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी ऊधमसिंह नगर, हल्द्वानी के प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता और तल्लीताल के प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह बागेश्वर, भवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह मेहरा और मुखानी के प्रभारी निरीक्षक सुशील चंद्र जोशी अल्मोड़ा तथा बनभूलपुरा के प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल पिथौरागढ़ में सेवाएं देंगे।
समारोह में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के साथ एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने अधिकारियों की प्रभावी पुलिसिंग और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की। वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके साथ काम के अनुभव साझा किए और स्मृति चिह्न व उपहार भेंट कर सम्मानित किया।

एसएसपी ने कहा कि स्थानांतरण विभागीय प्रक्रिया का हिस्सा है। सभी अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था, वीआईपी ड्यूटी और पुलिसिंग के अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देकर जनविश्वास कायम किया। उन्होंने विश्वास जताया कि अधिकारी नई तैनाती पर भी ऊर्जा और निष्ठा से काम करते हुए विभाग का गौरव बढ़ाएंगे।
स्थानांतरित अधिकारियों ने नैनीताल में अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन तथा पुलिसकर्मियों के सहयोग के लिए आभार जताया। समारोह में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, थाना व शाखा प्रभारी और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।








