हल्द्वानी में 24 नवंबर से सजेगा राष्ट्रीय सरस मेला, 250 स्टॉलों पर दिखेगी देशभर के उत्पादों की झलक

एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 10 दिन तक चलेगा आयोजन, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों को मिलेगा बड़ा मंच

हल्द्वानी, 20 नवंबर। हल्द्वानी में राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित होने वाले इस मेले में देशभर के स्वयं सहायता समूहों, महिला उद्यमियों और स्थानीय व्यापारियों के उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। मेले में कुल 250 स्टॉल स्थापित किए जाएंगे।

मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे की अध्यक्षता में कोऑपरेटिव बैंक सभागार में आयोजित बैठक में मेले की तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने प्रदेश के स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय उद्यमियों से मेले में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील करते हुए इच्छुक समूहों और व्यापारियों से जल्द स्टॉल पंजीकरण कराने को कहा।

सीडीओ ने बताया कि स्टॉलों का आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। कमर्शियल स्टॉल के लिए 30 हजार रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। मेले में उत्तराखंड के अलावा देश के विभिन्न राज्यों के स्वयं सहायता समूह और व्यापारी भी अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे।

उन्होंने कहा कि सरस मेला स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, लोक कला और महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार एवं विपणन का बेहतर अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से मेले का शुभारंभ करने का अनुरोध भी किया।

बैठक में मेले के सफल आयोजन के लिए गठित विभिन्न समितियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इनमें मेला संचालन, सुरक्षा, चिकित्सा, विद्युत, आवास एवं परिवहन, खानपान, पंजीकरण एवं स्टॉल आवंटन, स्वागत, लेखा तथा मीडिया प्रबंधन समितियां शामिल हैं। अधिकारियों को आपसी समन्वय से सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।

सीडीओ ने कहा कि मेले में आने वाले स्वयं सहायता समूहों, व्यापारियों, कलाकारों और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

बैठक में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना निदेशक चन्दा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, मुख्य कृषि अधिकारी संतोषी, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज वर्मन, जिला युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page