गोलापार ट्रेंचिंग ग्राउंड मामला: NGT में हेमंत गोनिया की याचिका की सुनवाई 22 दिसंबर को
20 नवंबर को पीठ उपलब्ध नहीं होने से सुनवाई स्थगित, अब फिजिकल एवं हाइब्रिड माध्यम से होगी अंतिम सुनवाई।

हल्द्वानी। हल्द्वानी के गोलापार ट्रेंचिंग ग्राउंड में कूड़े के अवैज्ञानिक निस्तारण, प्रदूषण और पर्यावरणीय नुकसान को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता हेमंत सिंह गोनिया एवं अन्य की ओर से राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT), प्रधान पीठ नई दिल्ली में दायर मूल आवेदन संख्या 1319/2024 में महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है।

राष्ट्रीय हरित अधिकरण की 20 नवंबर 2026 की कोर्ट संख्या-2 की कारण सूची में यह मामला अंतिम सुनवाई (Final Hearing) के लिए सूचीबद्ध था। लेकिन पीठ उपलब्ध नहीं होने के कारण आज सुनवाई नहीं हो सकी। अधिकरण ने अब मामले को 22 दिसंबर 2026 को फिजिकल सुनवाई (हाइब्रिड विकल्प सहित) के लिए निर्धारित किया है।
पिछली सुनवाइयों में भी उठा था मामला
इस मामले में पूर्व में भी कूड़ा निस्तारण, प्रदूषण नियंत्रण और संबंधित विभागों की कार्रवाई को लेकर सवाल उठे थे। जिलाधिकारी नैनीताल और नगर निगम हल्द्वानी की ओर से स्टेटस रिपोर्ट भी दाखिल की गई थीं। पूर्व सुनवाई में विभागों की कार्रवाई और जवाबों पर अधिकरण ने गंभीर सवाल उठाए थे।
इन विभागों और अधिकारियों की जवाबदेही महत्वपूर्ण
मामले में पर्यावरण एवं शहरी विकास से जुड़े विभागों के साथ जिलाधिकारी नैनीताल, नगर निगम हल्द्वानी, उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड तथा केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की भूमिका महत्वपूर्ण है।
22 दिसंबर की सुनवाई पर निगाहें
अब 22 दिसंबर को होने वाली अंतिम सुनवाई में गोलापार ट्रेंचिंग ग्राउंड में कूड़ा निस्तारण, पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और संबंधित विभागों की जवाबदेही पर महत्वपूर्ण सुनवाई होने की उम्मीद है।
कारण सूची के अनुसार पक्षकारों को अत्यावश्यक मामलों के लिए आज कोर्ट संख्या-1 के समक्ष मामले का उल्लेख करने की छूट भी दी गई थी।







