लालकुआं के स्टोन क्रशर कारोबारी को हनीट्रैप में फंसाने का आरोप, सात करोड़ की संपत्ति और नकदी वसूली का दावा

हल्द्वानी। लालकुआं क्षेत्र के एक स्टोन क्रशर कारोबारी को कथित रूप से हनीट्रैप में फंसाकर महिला समेत सात लोगों द्वारा करोड़ों रुपये की संपत्ति और नकदी वसूलने का मामला सामने आया है। मामले में हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित कारोबारी ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2015 में एक महिला ने उससे संपर्क बढ़ाया। इसके बाद महिला ने कथित तौर पर उसे अपने घर बुलाकर नशीला पदार्थ दिया और आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो बनाने के बाद ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

आरोप है कि वर्ष 2016 में आपत्तिजनक सामग्री सार्वजनिक करने की धमकी देकर कारोबारी से करीब 45 लाख रुपये वसूले गए। इसके बाद भी ब्लैकमेलिंग का सिलसिला जारी रहा। कारोबारी का दावा है कि वर्ष 2022 में महिला ने दोबारा संपर्क कर अपने साथियों के साथ वसूली शुरू कर दी।

शिकायत के मुताबिक, चार प्लॉट, एक मकान और स्टोर सहित करीब दो करोड़ रुपये की संपत्ति अपने तथा साथियों के नाम कराई गई। इसके अतिरिक्त लगभग पांच करोड़ रुपये नकद वसूलने का भी आरोप लगाया गया है। इस तरह कुल सात करोड़ रुपये की संपत्ति और नकदी हड़पने का दावा किया गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले में हल्द्वानी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के अनुसार, पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। संपत्ति के लेन-देन और धनराशि के हस्तांतरण के माध्यमों की भी जांच की जा रही है चुकी मामला गंभीर आरोपों से जुड़ा है। फिलहाल शिकायतकर्ता के आरोपों के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। जांच के निष्कर्ष और आरोपों की पुष्टि के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page