राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने पंतनगर में की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, नशे पर प्रभावी रोकथाम और सड़क सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश
जनजातीय क्षेत्रों में केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने पर दिया जोर, जमरानी बांध सहित विकास परियोजनाओं की हुई समीक्षा

पंतनगर, 17 नवंबर। उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने मंगलवार को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के सभागार में ऊधम सिंह नगर और नैनीताल जनपद के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में दोनों जिलों में संचालित विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, वन विभाग से जुड़े विषयों तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से जिले की भौगोलिक स्थिति, विकास कार्यों और प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए दो एकलव्य मॉडल स्कूल संचालित किए जा रहे हैं। किच्छा में सैटेलाइट एम्स का निर्माण पूरा हो चुका है और जल्द ही इसका संचालन शुरू होने की उम्मीद है। रुद्रपुर में मेडिकल कॉलेज और जिला चिकित्सालय में क्रिटिकल केयर सेंटर का निर्माण भी पूरा हो चुका है।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को नीट एवं जेईई की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग और शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही ब्लॉक, न्याय पंचायत और जिला स्तर पर पुस्तकालय संचालित किए जा रहे हैं। कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल, वेयरहाउस तथा काशीपुर में 10 एमएलडी क्षमता के एसटीपी का निर्माण कार्य भी जारी है।
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रुद्रपुर और काशीपुर में ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। रुद्रपुर रिंग रोड से यातायात जाम की समस्या में राहत मिली है, जबकि काशीपुर बाईपास का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य अतिथि गृह का निर्माण भी पूरा हो चुका है। एसएसपी अजय गणपति ने जिले की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी।
जमरानी बांध परियोजना को 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य
नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपद में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि जमरानी बांध परियोजना का निर्माण कार्य प्रगति पर है और इसे वर्ष 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि हल्द्वानी में एडीबी वित्तपोषित परियोजना के अंतर्गत सड़क, फुटपाथ और ड्रेनेज निर्माण के कार्य किए जा रहे हैं। कैंचीधाम-कौसानी-बागेश्वर सड़क मार्ग पर डामरीकरण का कार्य भी प्रगति पर है। पर्यटन स्थलों पर बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए नैनीताल, रामनगर और कैंचीधाम में बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है।
एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने जनपद की कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश
राज्यपाल डॉ. बिसेन ने युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए अधिकारियों को प्रभावी एवं कठोर कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए प्रशासन और पुलिस को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने और राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटना की स्थिति में त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चिन्हित स्थानों पर एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राज्यपाल ने जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास पर जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसके तहत सभी पात्र जनजातीय परिवारों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाया जाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अवैध मदिरा के कारोबार और मिलावटी खाद्य पदार्थों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने के निर्देश भी दिए। साथ ही अधिकारियों से केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
बैठक में जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति, एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी, प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अरविंद पांडेय, सीएमओ डॉ. एसके गोस्वामी, डॉ. रश्मि पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मानस दर्पण न्यूज पोर्टल







