अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष (राज्य मंत्री) मुकेश कुमार ने हल्द्वानी में जनप्रतिनिधियों व सामाजिक संगठनों के साथ की समीक्षा बैठक

जनप्रतिनिधियों से लिए सुझाव, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और जातिगत भेदभाव की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

हल्द्वानी, 17 नवम्बर 2026 उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष (राज्य मंत्री) मुकेश कुमार ने मंगलवार को नगर निगम सभागार, हल्द्वानी में अनुसूचित जाति के समस्त जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के साथ सुझाव एवं वार्ता की समीक्षा बैठक की।

बैठक में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं अनुसूचित जाति के नगर निकायों के अध्यक्ष, सभासद तथा सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में अध्यक्ष मुकेश कुमार ने सभी जनप्रतिनिधियों से उनके क्षेत्रों की समस्याओं, विकास कार्यों की प्रगति तथा अनुसूचित जाति समाज से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से सुझाव लिए। उन्होंने कहा कि आयोग का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को उनके संवैधानिक अधिकार दिलाना, उनके साथ हो रहे किसी भी प्रकार के भेदभाव, उत्पीड़न एवं अन्याय को रोकना और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि ही सरकार और जनता के बीच की सबसे मजबूत कड़ी हैं। इसलिए जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास, स्वच्छता, छात्रवृत्ति, पेंशन, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचानी चाहिए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।

बैठक में अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष रविंद्र बाली आर्य द्वारा अनुसूचित जाति बहुमूल्य क्षेत्र गोलापार बागवाला में सड़क स्ट्रीट लाइट जानवरों से अनावश्यक खतरा होने जैसी समस्याओं से अवगत कराया हिमांशु आर्य निवासी बासनी गांव द्वारा गांव की ओर जाने वाली सड़क को सीसी मार्ग में परिवर्तित करने का अनुरोध किया दामादुंगा क्षेत्रवासियों द्वारा क्षेत्र में सुलभ शौचालय की उचित व्यवस्था हेतु अपनी समस्याओं को रखा इसी प्रकार अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित भूमि, आवास, सड़क, पेयजल, शिक्षा, छात्रवृत्ति में विलंब, जाति प्रमाण पत्र, पेंशन, रोजगार, शौचालय, सामुदायिक भवन, तथा जातिगत भेदभाव की शिकायतों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया। अध्यक्ष ने सभी सुझावों व समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण किया जाए।

अध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि जातिगत भेदभाव, छुआछूत या उत्पीड़न की किसी भी घटना को हल्के में नहीं लिया जाएगा। ऐसी घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जाए और पीड़ित को न्याय दिलाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुसूचित जाति अत्याचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों का कड़ाई से पालन कराया जाए और पीड़ित परिवारों को नियमानुसार सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए।उन्होंने सामाजिक संगठनों से भी आह्वान किया कि वे समाज में जागरूकता फैलाएं, बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें, नशा मुक्ति, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता और सामाजिक समरसता के लिए मिलकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि समाज का विकास तभी संभव है, जब सभी वर्ग एक साथ मिलकर आगे बढ़ें उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा मेरी योजना एप से अनुसूचित जाति की जनकल्याणकारी योजनाओं की समस्त जानकारियां प्राप्त की जा सकती है।

बैठक के अंत में अध्यक्ष अनुसूचित जाति आयोग मुकेश कुमार ने सभी जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि उनकी ओर से प्राप्त सभी सुझावों व समस्याओं को आयोग द्वारा शासन एवं संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाएगा और उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम अल्पसंख्यक आयोग के डॉ जेड ए वारसी जिला अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा रविन्द्र बाली आर्य जिला मंत्री अनुसूचित मोर्चा आशीष कुमार, दिनेश सागर मंडल अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा भुवन आर्य पूर्व कनिष्ठ प्रमुख ईशवरी राम जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page