नशे के खिलाफ नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 64.80 लाख रुपये की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

हल्द्वानी, 17 नवंबर। मुख्यमंत्री के “मिशन ड्रग फ्री देवभूमि” और “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नैनीताल पुलिस ने नशे की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में कोतवाली हल्द्वानी और एसओजी की संयुक्त टीम ने 216 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत लगभग 64.80 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र, एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह और सीओ हल्द्वानी लव शर्मा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय सिंह मेहता और प्रभारी एसओजी मोहन सिंह सौन के नेतृत्व में हल्द्वानी क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया।

इसी दौरान 16 नवंबर को मंडी क्षेत्र में स्थित पीडब्ल्यूडी गेट के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहन चेकिंग के दौरान टीम ने एक अभियुक्त को स्मैक की तस्करी करते हुए पकड़ा। अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर-392/26, धारा-8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सतीश कुमार पुत्र ईश्वरी प्रसाद, निवासी ग्राम गालिबपुर, थाना डिवाई, जिला बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह हल्द्वानी बड़ी मंडी में सब्जी का काम करता है। पैसे कमाने के लालच में वह अपने गांव के किसी व्यक्ति के कहने पर बुलंदशहर से स्मैक खरीदकर लाया था।

पुलिस के अनुसार अभियुक्त पूर्व में हिमाचल प्रदेश में एनडीपीएस के मामले में जेल जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास का पूरा विवरण जुटाया जा रहा है।

इस सराहनीय कार्य पर एसएसपी नैनीताल ने गिरफ्तारी टीम को 2,000 रुपये से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

गिरफ्तारी टीम में शामिल रहे –
उपनिरीक्षक नरेन्द्र कुमार, प्रभारी चौकी मंडी, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, प्रभारी चौकी टीपी नगर, हेड कांस्टेबल कुन्दन कठायत, हेड कांस्टेबल त्रिलोक रौतेला, कांस्टेबल भूपेन्द्र जेष्ठा और कांस्टेबल भानू ओली।

Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page