राज्यपाल के हल्द्वानी दौरे को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर पुलिसकर्मियों को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए ब्रीफ किया गया।

हल्द्वानी, 18 नवंबर। उत्तराखंड के राज्यपाल के प्रस्तावित हल्द्वानी दौरे को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप दिया। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर बहुउद्देशीय मीटिंग हॉल, मिनी पुलिस लाइन हल्द्वानी में वीआईपी ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की गई।

पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र ने पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी हरबन्स सिंह, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल और क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के साथ ब्रीफिंग की। अधिकारियों ने वीआईपी रूट, हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल के आसपास सघन जांच तथा एंटी-सबोटाज जांच के निर्देश दिए। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को समय से पहले अपने निर्धारित स्थान पर पहुंचने को कहा गया।

कार्यक्रम स्थल और इनर कॉर्डन में वैध पास या पूर्व अनुमति के बिना किसी व्यक्ति अथवा वाहन को प्रवेश नहीं मिलेगा। वीआईपी मूवमेंट के दौरान निर्धारित रूट डायवर्जन लागू रहेगा। एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए निर्बाध मार्ग उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

अधिकारियों को वायरलेस के जरिए निरंतर संपर्क बनाए रखने, अभिसूचना तंत्र सक्रिय रखने और आमजन के साथ शालीन व्यवहार करने को कहा गया। ब्रीफिंग में विभिन्न क्षेत्रों के पुलिस अधिकारी और वीआईपी ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page