देहरादून के जामुनवाला जंगल में कूड़े के ढेर में मिला युवती का शव, गला और चेहरा धारदार हथियार से किए गए क्षत-विक्षत

पहचान छिपाने की कोशिश की आशंका, हाथ पर बने टैटू से शिनाख्त में जुटी पुलिस; दूसरी जगह हत्या कर शव फेंके जाने का संदेह

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में युवती का शव कूड़े के ढेर में मिलने से सनसनी फैल गई। घटना प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जामुनवाला जंगल की है, जहां बुधवार 18 नवंबर को कूड़े के ढेर के पास सीमेंट के कट्टों और पॉलिथीन से ढका एक युवती का शव बरामद हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जंगल में कूड़ा डालने पहुंचे एक व्यक्ति की नजर कूड़े के ढेर में पड़े शव पर पड़ी। उसने इसकी सूचना ग्राम प्रधान को दी, जिसके बाद प्रेमनगर पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही एसपी सिटी शेखर चंद्र सुयाल, प्रेमनगर थाना प्रभारी गिरीश नेगी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

पुलिस के अनुसार, युवती की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। उसके गले और चेहरे पर धारदार हथियार से किए गए गहरे घाव के निशान मिले हैं। युवती ने पीले रंग का सूट पहना हुआ था। घटनास्थल पर खून के निशान नहीं मिलने के कारण पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शव को जंगल में लाकर फेंक दिया गया।

हाथ पर बने टैटू से पहचान की कोशिश

इस मामले में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतका की पहचान करना है। युवती के हाथ पर बने टैटू को उसकी पहचान का महत्वपूर्ण सुराग माना जा रहा है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ करने के साथ ही गुमशुदगी के मामलों की जानकारी भी जुटा रही है। घटनास्थल के आसपास आने-जाने वाले रास्तों की जांच सहित अन्य साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।

एसपी सिटी शेखर चंद्र सुयाल के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दूसरी जगह हत्या कर शव यहां फेंके जाने की आशंका सामने आई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

युवती की पहचान, हत्या के वास्तविक कारण और वारदात में शामिल लोगों का पता पोस्टमार्टम तथा पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।

मानस दर्पण न्यूज पोर्टल।

Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page