एसएसपी नैनीताल के निर्देशन में जनपदभर में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान जारी
डबल हेलमेट अभियान के तहत दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य होने के प्रति किया जा रहा जागरूक। स्कूली बसों एवं वैन की भी लगातार चेकिंग।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल *डॉ. मंजूनाथ टी.सी.* के निर्देशन में जनपद में सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत निरीक्षक यातायात हल्द्वानी, नैनीताल, भवाली, रामनगर, सीपीयू एवं समस्त थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान पुलिस द्वारा यातायात जागरूकता पंपलेट वितरित कर वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक एवं प्रेरित किया जा रहा है।

डबल हेलमेट जागरूकता अभियान
दोपहिया वाहन चालकों एवं पीछे बैठने वाले व्यक्ति की सुरक्षा के दृष्टिगत नैनीताल पुलिस द्वारा डबल हेलमेट जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वाहन चालकों को बताया जा रहा है कि दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है।
पुलिस द्वारा जागरूक किया जा रहा है कि हेलमेट सिर की चोट से बचाव में महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है। इसलिए प्रत्येक सफर में ISI मार्क हेलमेट का सही तरीके से प्रयोग करें और स्वयं के साथ अपने साथी की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें।
यातायात नियमों के पालन की अपील
1. दोपहिया वाहन पर चालक एवं पीछे बैठने वाले व्यक्ति दोनों हेलमेट पहनें।
2. चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।
3. निर्धारित गति सीमा का पालन करें एवं ओवरस्पीडिंग से बचें।
4. वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं।
5. नशे की हालत में वाहन न चलाएं।
6. वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें।
7. नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर स्कूल बसों एवं वैन की नियमित चेकिंग
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नैनीताल पुलिस द्वारा जनपद में संचालित स्कूल बसों एवं स्कूल वैन की लगातार चेकिंग की जा रही है।
चेकिंग के दौरान स्कूली वाहनों की निर्धारित सीटिंग कैपेसिटी, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन उपकरण (फायर सेफ्टी) सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों एवं संचालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के अंतर्गत नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जा रही है।







