डॉ. भानु प्रताप सिंह को मिला ‘टीचर ऑफ द ईयर अवॉर्ड-2026
21 नवंबर को देहरादून में आयोजित भव्य समारोह में किया गया सम्मानित

राजकीय महाविद्यालय गुरुड़ाबाँज, अल्मोड़ा के वाणिज्य विभाग में कार्यरत सहायक प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. भानु प्रताप सिंह को प्रतिष्ठित 9वें टीचर ऑफ द ईयर अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान 21 नवंबर को देहरादून के विज्ञान धाम (यूकॉस्ट) में आयोजित 7वें देहरादून इंटरनेशनल साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल (DISTF-2026) के दौरान मुख्य अतिथि डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम (आईएएस), प्रमुख सचिव, उत्तराखण्ड शासन द्वारा प्रदान किया गया। यह आयोजन दिव्य हिमगिरि, यूकॉस्ट (UCOST), ओएनजीसी (ONGC) एवं सराडस्टा (SRADSTA) के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।

उच्च शिक्षा एवं वाणिज्य के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय योगदान दे रहे डॉ. भानु प्रताप सिंह के अब तक 30 से अधिक शोध पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित जर्नल्स में प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त, उनके मुख्य संपादन में दो महत्वपूर्ण पुस्तकों का प्रकाशन भी हो चुका है। उनके शोध निर्देशन में अब तक दो शोधार्थियों को पीएचडी (Ph.D.) की उपाधि अवार्ड हो चुकी है, जबकि वर्तमान में चार शोधार्थी उनके अधीन शोध कार्य कर रहे हैं। शिक्षण और शोध के साथ-साथ वे उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के अध्ययन केंद्र के समन्वयक के रूप में भी विद्यार्थियों के शैक्षणिक मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
डॉ. भानु प्रताप सिंह की इस विशेष उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) प्रणीता नंद सहित समस्त प्राध्यापकों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।







