युवा संसद प्रतियोगिता में खुर्पाताल ने मारी बाजी, दोगड़ा दूसरे और पटुवाडांगर तीसरे स्थान पर
रानीबाग में आयोजित ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने संसदीय कार्यवाही का किया शानदार प्रदर्शन, 26 नवंबर को होगी जिला स्तरीय प्रतियोगिता

हल्द्वानी, 22 नवंबर। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानीबाग में आयोजित विकासखंड भीमताल की ब्लॉक स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, तार्किक क्षमता और संसदीय संवाद कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में जीजीआईसी खुर्पाताल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि जीजीआईसी दोगड़ा द्वितीय और जीजीआईसी पटुवाडांगर तृतीय स्थान पर रहा।

21 नवंबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड बाल संरक्षण अधिकार आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में जीजीआईसी भीमताल, जीजीआईसी खुर्पाताल, जीजीआईसी पटुवाडांगर, जीजीआईसी दोगड़ा एवं जीजीआईसी आमिया के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने सांसद, मंत्री और लोकसभा अध्यक्ष की भूमिका निभाते हुए संसदीय कार्यवाही, समसामयिक विषयों तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रभावशाली ढंग से अपने विचार रखे।

विजेता विद्यालयों के विद्यार्थियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि योगेश सिंह रजवार ने कहा कि युवा संसद जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन, संवाद कौशल और आत्मविश्वास विकसित करने के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ भी मजबूत करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा संसदीय मर्यादा के अनुरूप किए गए प्रदर्शन की सराहना की।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना उनका प्रयास रहेगा। इसी क्रम में आगामी 26 नवंबर को जनपद के सभी आठ विकासखंडों की सहभागिता से जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके बाद प्रतियोगिता को प्रदेश स्तर पर आयोजित कराने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी के सहायक प्राध्यापक नवीन शर्मा, जिला समन्वयक नरेंद्र पंत, ब्लॉक समन्वयक मीना डंगवाल तथा निर्णायक मंडल के सदस्य कौस्तुभानंद कर्नाटक, योगिता सिंह और आस्मा परवीन मौजूद रहे। विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम का संचालन राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानीबाग के शिक्षक गोपाल दत्त गुडवंत ने किया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि ने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों, प्रधानाचार्यों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।








