पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में हिंसक झड़प


हल्द्वानी, नैनीताल के हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के तीन पानी स्थित शनि मंदिर के पास गुरुवार देर शाम पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। बताया जा रहा है की वर्षों पहले हुए थप्पड़ के विवाद को लेकर तीन भाइयों ने मिलकर एक युवक पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में युवक की गर्दन और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल को इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सूत्रों के मुताबिक उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर तीन सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, सभी आरोपी फरार हैं और पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि पीड़ित यमन प्रकाश और उसका भाई अमन प्रकाश तीन पानी शनि मंदिर के पास एक ठेले पर गोलगप्पे खा रहे थे। इसी दौरान वहां गौरव नाम का युवक पहुंच गया। किसी बात को लेकर अमन और गौरव के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गौरव ने अपने दो अन्य भाइयों को मौके पर बुला लिया इसके बाद तीनों भाइयों ने मिलकर अमन पर पाटल (धारदार हथियार) और चाकू से जानलेवा हमला बोल दिया। यमन ने अपने भाई को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी हमला करने के बाद मौके से फरार हो गए जानकारी के अनुसार, हमले में गंभीर रूप से घायल अमन प्रकाश मुक्तेश्वर में एक होटल चलाता है कई साल पुराना थप्पड़ बना हमले की वजह एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कात्याल ने बताया की पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि अमन और गौरव के बीच कई साल पहले थप्पड़ मारने को लेकर विवाद हुआ था। आरोपी लंबे समय से रंजिश मन में पाले हुए थे। गुरुवार शाम जैसे ही गौरव को अमन अकेला दिखा, पुरानी दुश्मनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया मामले में तीन आरोपी भाइयों के खिलाफ संगीन धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीमों को संभावित ठिकानों पर दबिश के लिए भेजा गया है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।







