राष्ट्रीय एकता दिवस पर नैनीताल पुलिस लाइन में भव्य एकता परेड

एडीजी प्रशासन ए.पी. अंशुमान ने पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की सुरक्षा, एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई; छह पुलिसकर्मियों को डीजीपी प्रशस्ति डिस्क से सम्मानित किया।

नैनीताल। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026 को नैनीताल जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के मार्गदर्शन में पुलिस लाइन नैनीताल में एकता परेड का आयोजन हुआ।

कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन), उत्तराखंड, ए.पी. अंशुमान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता और दृढ़ इच्छाशक्ति से रियासतों का भारत संघ में एकीकरण कर अखंड भारत की नींव रखी।

मुख्य अतिथि ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और एकजुटता का संदेश देता है। पुलिस बल का दायित्व है कि वह देश की आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहे। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। इसके बाद उन्होंने परेड ग्राउंड में सलामी ली और पुलिसकर्मियों की जनसेवा की सराहना की।

इस अवसर पर सेवा और विशिष्ट कार्यों के लिए नैनीताल जनपद के छह पुलिसकर्मियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क (गोल्ड एवं सिल्वर) से अलंकृत किया गया:

  1. चन्द्रशेखर, उप निरीक्षक (ना०पु०)
  2. दिलीप सिंह, उप निरीक्षक (ना०पु०)
  3. जानकी वर्मा, अपर उप निरीक्षक (ना०पु०)
  4. हरीश चन्द्र, अपर उप निरीक्षक (ना०पु०)
  5. वीरेन्द्र राम, मुख्य आरक्षी 46 (ना०पु०)
  6. शंकर नाथ, आरक्षी 88 (ना०पु०)

कार्यक्रम में प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हरकेश सिंह सहित जनपद के थाना प्रभारी और विभिन्न इकाइयों के प्रभारी उपस्थित रहे। जनपद के सभी थानों, चौकियों, पुलिस कार्यालयों और अन्य इकाइयों में भी प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ ली।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page