तीनपानी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार पलटी, चार लोग सवार; एसएसपी ने घायलों का हाल जाना

हल्द्वानी, 23 अक्टूबर। तीनपानी फ्लाईओवर के पास तेज रफ्तार के कारण फोर्ड फिगो कार अनियंत्रित होकर पलट गई। नैनीताल पुलिस के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 3:25 बजे हुआ। कार में चार लोग सवार थे और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस टीमों को मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य करने के निर्देश दिए। वे स्वयं घटनास्थल पहुंचे, पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बाद में उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायलों का कुशलक्षेम जाना और उनके उपचार की जानकारी ली।
पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में वैधानिक कार्रवाई शुरू की है। एसएसपी ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन पर नियंत्रण बनाए रखने की अपील की।







