एडीजी प्रशासन ए.पी. अंशुमान ने किया नैनीताल पुलिस लाइन का भ्रमण
राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिसकर्मियों से संवाद किया, समस्याएँ सुनीं और पुलिस आधुनिकीकरण के लिए सुझाव मांगे

नैनीताल। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन), उत्तराखंड, ए.पी. अंशुमान ने पुलिस लाइन नैनीताल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने नैनीताल पुलिस की विभिन्न शाखाओं में तैनात प्रभारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली।

पुलिस लाइन परिसर में आयोजित सम्मेलन में जनपद के विभिन्न थानों और शाखाओं के पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया। एडीजी ने उनकी व्यक्तिगत और पेशेवर समस्याएँ सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र एवं संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिस बल को सुदृढ़ बनाने और पुलिस आधुनिकीकरण के संबंध में कर्मचारियों से सुझाव भी मांगे। उन्होंने कहा कि मैदानी स्तर पर पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिसकर्मियों के अनुभव और सुझाव उपयोगी हैं।
सम्मेलन के बाद एडीजी ने पुलिस लाइन की मैस का निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और प्रबंधन का जायजा लिया। भोजन व्यवस्था की गुणवत्ता से प्रभावित होकर उन्होंने मैस प्रभारी और उनकी टीम की सराहना की तथा नकद धनराशि देकर पुरस्कृत किया। उन्होंने मैस प्रभारी को पुलिसकर्मियों के लिए शुद्ध, पौष्टिक और गुणवत्तायुक्त भोजन की व्यवस्था निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हरकेश सिंह सहित शाखा प्रभारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।







