भीमताल में रिटेनिंग वॉल निर्माण के दौरान मलबा गिरा, दो श्रमिकों की मौत; मालिक और ठेकेदार पर कार्रवाई

भीमताल, 22 अक्टूबर 2026। मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल के बेस का निर्माण करते समय ऊपर से मलबा गिरने से दो श्रमिकों की मौत हो गई और एक श्रमिक घायल हो गया। पुलिस के अनुसार घटना दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच हुई। निर्माण कार्य से जुड़े मालिक और ठेकेदार के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

डायल 112 से सूचना मिलने पर भीमताल पुलिस घटनास्थल पहुंची और राहत-बचाव कार्य किया। घायल श्रमिक को उपचार के लिए सीएचसी भीमताल भेजा गया। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर एक झोपड़ी में दोनों मृतकों के शव मिले। फॉरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

मृतकों की पहचान गौरी देवी (लगभग 38), निवासी संजय नगर, लालकुआं, हाल निवासी निसौला, भीमताल, और हरीश थापा (लगभग 18) के रूप में हुई है। घायल की पहचान नेत्र बहादुर उर्फ संजू के रूप में बताई गई है। पुलिस के अनुसार, तीनों मूल रूप से राजापुर, नेपाल के निवासी हैं।

प्रारंभिक जानकारी और घायल श्रमिक से पूछताछ के आधार पर पुलिस का कहना है कि दीवार का बेस तैयार करते समय ऊपर से मलबा गिरा और उसकी चपेट में आए श्रमिक दब गए। घटना के अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page