दिल्ली में ‘चलो दिल्ली’ से पहले राजधानी छावनी में तब्दील, 57 मेट्रो स्टेशन बंद; उत्तराखंड से दिल्ली की जनशताब्दी समेत 6 ट्रेनें रद्द

हल्द्वानी/नई दिल्ली, 9 अक्टूबर 2026 | मानस दर्पण डेस्क

दिल्ली में कल 10 अक्टूबर को प्रस्तावित बड़े प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसका सीधा असर उत्तराखंड से दिल्ली जाने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।

क्या है मामला?
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर ‘चलो दिल्ली’ मार्च का आह्वान किया है। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। दिल्ली पुलिस ने देर से आवेदन और कानून-व्यवस्था का हवाला देकर अनुमति देने से इनकार कर दिया है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
पुलिस ने 8 अक्टूबर को लिखे पत्र में DMRC के MD को मेट्रो प्रतिबंधों पर विचार करने को कहा था। पुलिस का तर्क था कि प्रदर्शन के दौरान बड़ी भीड़ नई दिल्ली के संवेदनशील इलाकों की ओर जा सकती है। इसके बाद नई दिल्ली जिले में धारा 163 BNSS लागू कर 22 हजार से अधिक जवानों की तैनाती, बैरिकेडिंग और 10 अस्थायी डिटेंशन सेंटर तैयार किए गए हैं।

मेट्रो पर असर – यात्री ध्यान दें
दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर DMRC ने आज रात 9 बजे से 57 स्टेशनों के गेट बंद करने का फैसला लिया है। इसमें राजीव चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, पटेल चौक, मंडी हाउस, ITO, कश्मीरी गेट, नई दिल्ली, खान मार्केट, जामा मस्जिद, INA, हौज खास जैसे मध्य दिल्ली के प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। प्रतिबंध 10 अक्टूबर को हालात सामान्य होने तक जारी रहेगा।

उत्तराखंड के यात्रियों की बढ़ेगी मुश्किल
रेलवे ने मुरादाबाद मंडल की 6 गाड़ियां रद्द की हैं। उत्तराखंड से जुड़ी सबसे महत्वपूर्ण गाड़ी 12056 देहरादून – नई दिल्ली जनशताब्दी 10 अक्टूबर को रद्द रहेगी। इसके अलावा लखनऊ-नई दिल्ली मेल और कासगंज-नई दिल्ली इंटरसिटी भी इस लिस्ट में हैं। यात्रियों को सलाह है कि हल्द्वानी-काठगोदाम-देहरादून रूट से दिल्ली जाने से पहले NTES या 139 पर ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक कर लें।

रेलवे स्टेशनों और एयरपोर्ट के आसपास भी समूह में आने वाले यात्रियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page