घने कोहरे में अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, नोएडा दंपती घायल; एसडीआरएफ ने सुरक्षित निकाला

भवाली। नैनीताल जिले के भवाली-रामगढ़ मार्ग पर शनिवार रात घने कोहरे के बीच एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। महेशखान क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार नोएडा निवासी दंपती घायल हो गए। सूचना मिलते ही भवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब नौ बजे पुलिस को सूचना मिली कि महेशखान बैड से आगे रामगढ़ रोड पर एक वाहन खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही भवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची तथा तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि डीएल-08-सीबीई-0795 नंबर की महिंद्रा कार में नोएडा के सेक्टर-11 निवासी खरेश दुग्गल और उनकी पत्नी रितु दुग्गल सवार थे। दोनों मुक्तेश्वर स्थित अपने आवास की ओर जा रहे थे। महेशखान के कुलाटी बैड के पास घने कोहरे के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
रेस्क्यू टीम ने कठिन परिस्थितियों में अभियान चलाकर दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में दोनों को चोटें आई हैं, लेकिन वे पूरी तरह होश में हैं और चिकित्सकों के अनुसार खतरे से बाहर हैं। प्राथमिक उपचार के लिए दोनों को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवाली भेजा गया।
पुलिस ने हादसे की सूचना घायलों के परिजनों को दे दी है। वहीं, एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने यह सुनिश्चित करने के लिए मौके पर सर्च अभियान भी चलाया कि वाहन में कोई अन्य व्यक्ति सवार न हो।
गौरतलब है कि भवाली से रामगढ़ और मुक्तेश्वर को जोड़ने वाला मार्ग इन दिनों शाम ढलते ही घने कोहरे की चपेट में आ रहा है। यह सड़क नैनीताल, भवाली और हल्द्वानी को पर्वतीय क्षेत्रों से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, जिस पर पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही लगातार बनी रहती है।
पुलिस ने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले पर्यटकों और वाहन चालकों से अपील की है कि बारिश और घने कोहरे के दौरान अत्यधिक सावधानी बरतें तथा नियंत्रित गति से वाहन चलाएं। कम दृश्यता के कारण ऐसे मौसम में सड़क हादसों की आशंका काफी बढ़ जाती है।






