भाजपा में नई जिम्मेदारी: भुवन जोशी का हल्द्वानी संभाग कार्यालय में जोरदार स्वागत

हल्द्वानी। भाजपा उत्तराखंड के नवनियुक्त प्रदेश मीडिया सह संयोजक भुवन जोशी के पहली बार हल्द्वानी स्थित पार्टी के संभाग कार्यालय पहुंचने पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट के नेतृत्व में उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी गई और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गईं।

पार्टी पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि जोशी अपने संगठनात्मक अनुभव और समर्पण से प्रदेश में भाजपा की मीडिया गतिविधियों को और प्रभावी बनाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों, केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा संगठन के कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने में मीडिया विभाग की भूमिका मजबूत होगी।
पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, जोशी पिछले दो दशकों से भाजपा के सोशल मीडिया और आईटी तंत्र को मजबूत करने में सक्रिय रहे हैं। वे इससे पहले प्रदेश सोशल मीडिया एवं आईटी संयोजक की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
स्वागत समारोह में जोशी ने प्रदेश नेतृत्व, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मीडिया संगठन और आम जनता के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। सभी के समन्वय से मीडिया तंत्र को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाया जाएगा। पारंपरिक मीडिया के साथ डिजिटल और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर भी ध्यान दिया जाएगा।
जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने कहा कि जोशी का अनुभव और संगठन के प्रति समर्पण पार्टी के लिए उपयोगी होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में मीडिया और पार्टी के बीच बेहतर समन्वय बनेगा।
इस अवसर पर जिला प्रभारी विवेक सक्सेना, प्रदेश सह कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल, प्रदेश सह मीडिया संयोजक प्रदीप जनोटी, जिला महामंत्री रंजन बर्गली और विनीत अग्रवाल सहित जिला पदाधिकारी तथा विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष मौजूद रहे।







