खेती से पशुपालन तक महिलाओं की अहम भूमिका, हल्द्वानी में महिला किसानों का सम्मान

हल्द्वानी, 15 अक्टूबर। अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष 2026 के अवसर पर ब्लॉक सभागार हल्द्वानी में महिला किसान दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय कृषि प्रसार एवं प्रौद्योगिकी मिशन (नेमेट) और आत्मा परियोजना के तहत हुए कार्यक्रम में कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़ ने कहा कि महिला किसान दिवस मनाने का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में महिलाओं के योगदान को पहचानना और खेती-किसानी में उनकी भूमिका को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि महिलाएं खेती, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, बीज संरक्षण, सब्जी उत्पादन और जैविक खेती के माध्यम से आजीविका में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं, लेकिन उनके काम को कई बार पर्याप्त पहचान नहीं मिलती। ऐसे कार्यक्रमों से महिला किसानों को प्रोत्साहन, आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी और सरकारी योजनाओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।

परियोजना निदेशक शिल्पी पंत ने कहा कि फसल उत्पादन से लेकर पशुपालन, कृषि वानिकी, मत्स्य पालन, बागवानी, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन तक महिलाओं की महत्वपूर्ण भागीदारी है। उन्होंने कहा कि संसाधनों, तकनीक और बाजारों तक पहुंच बढ़ाने वाली सरकारी पहलें महिला किसानों की भूमिका को और सशक्त कर रही हैं।

कार्यक्रम में पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए मंजू तिवारी को प्रमाण-पत्र दिया गया। कृषि क्षेत्र में दीपा लोशज्ञानी और पशुपालन क्षेत्र में किरन रावत को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सहायक परियोजना निदेशक चन्दा फर्त्याल, मुख्य कृषि अधिकारी संतोषी, सहायक उद्यान अधिकारी अर्जुन सिंह परवाल, खंड विकास अधिकारी तनवरी असगर, क्षेत्रीय युवा मंगल दल अध्यक्ष त्रिवेणी गयाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और क्षेत्र की महिलाएं उपस्थित रहीं।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page