नेपाल में 5.4 तीव्रता का भूकंप, भारत समेत पांच देशों में महसूस हुए झटके

काठमांडू / हल्द्वानी, 24 नवंबर : नेपाल के कोशी प्रदेश में मंगलवार सुबह 7 बजकर 2 मिनट पर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण USGS के अनुसार भूकंप की तीव्रता 5.4 रही, जबकि भारत के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने इसे 5.3 मापा है। भूकंप का केंद्र कोशी प्रदेश के लेलेप के पास, जमीन से करीब 20 किलोमीटर नीचे दर्ज किया गया।

भूकंप के झटके नेपाल के साथ ही भारत, भूटान, बांग्लादेश और चीन में भी महसूस किए गए। भारत में बिहार, सिक्किम, उत्तर बंगाल और मेघालय समेत पूर्वोत्तर के कई इलाकों में धरती हिली। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में झटके महसूस होते ही लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
फिलहाल कहीं से भी जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि इसी सुबह करीब 3 बजकर 39 मिनट पर असम के कार्बी आंगलोंग जिले में भी 2.5 तीव्रता का अलग भूकंप आया था। इसकी गहराई 15 किलोमीटर दर्ज की गई।






