दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में चाकूबाजी, 9 पुलिसकर्मी घायल, मुठभेड़ में आरोपी के पैरों में लगीं 6 गोलियां
थाने में काउंसलिंग के लिए बुलाया युवक बना हमलावर, 3 घंटे में 2 जगह किया चाकू से हमला

नई दिल्ली। दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में सोमवार दोपहर काउंसलिंग के लिए बुलाए गए एक युवक ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में पहले थाने में 5 पुलिसकर्मी घायल हुए। इसके बाद फरार आरोपी ने एक राहगीर से स्कूटी लूट ली और चांदनी महल इलाके में घेराबंदी के दौरान 4 और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस तरह एक ही घटनाक्रम में कुल 9 पुलिसकर्मी घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने 8 राउंड फायरिंग की, जिसमें 6 गोलियां आरोपी के पैरों में लगीं। इसके बाद उसे काबू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान कलां महल निवासी करीब 30 वर्षीय नबील के रूप में हुई है। उसकी मां और बहन ने थाने में शिकायत दी थी कि वह नशे की जरूरत पूरी करने के लिए घर में परेशान करता है। इसी शिकायत पर सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे उसे काउंसलिंग के लिए जामा मस्जिद थाने बुलाया गया था। बातचीत के दौरान ही उसने अचानक जेब से चाकू निकालकर पुलिसकर्मियों पर वार कर दिए।
थाने में हुए हमले में एसआई अजय, एसआई अरविंद और हेड कांस्टेबल हरेंद्र गंभीर रूप से घायल हुए। एएसआई श्रीकृष्ण और हेड कांस्टेबल बलजीत को भी चोटें आईं। सभी घायलों को पहले दरियागंज स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए सर गंगाराम अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हमले के बाद आरोपी थाने से बाहर निकला और रास्ते में एक राहगीर को चाकू दिखाकर उसकी स्कूटी लूटकर फरार हो गया। सूचना पर एएटीएस और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीमों ने आसपास के इलाकों में घेराबंदी की। आरोपी की लोकेशन चांदनी महल थाना क्षेत्र के हवेली आजम खां, चितली कब्र इलाके में मिली।
घेराबंदी के दौरान आरोपी ने फिर चाकू निकालकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में स्पेशल स्टाफ के कांस्टेबल अंकित, जयंत, लोकेश और परमिंदर घायल हो गए। उन्हें एलएन अस्पताल पहुंचाया गया। लगातार हमले और पुलिसकर्मियों की जान को खतरा देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। आरोपी को लोकनायक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम में तीन अलग अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। पहला मुकदमा थाने में हमले का, दूसरा स्कूटी लूट का और तीसरा मुठभेड़ के दौरान हमले का है। आर्म्स एक्ट और सरकारी कर्मचारी पर हमले समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2022 में दरियागंज थाने में खतरनाक हथियार से चोट पहुंचाने का मामला भी दर्ज हुआ था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी के पास चाकू कहां से आया और क्या वह पहले से हमला करने की तैयारी से थाने पहुंचा था।








