बिन्दुखत्ता को मिलेंगी विकास की दो बड़ी सौगातें, 1000 लोगों की क्षमता वाला बनेगा सांस्कृतिक भवन; प्रहलाद दा की स्मृति में स्कूल और स्टेडियम भी बनेगा

लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की बड़ी घोषणाएं, लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा को दी श्रद्धांजलि

बिन्दुखत्ता (लालकुआं), 23 नवंबर। बिन्दुखत्ता में आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्र को विकास की दो महत्वपूर्ण सौगातें देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि महान लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में स्कूल, स्टेडियम सहित प्रस्तावित सभी कार्य कराए जाएंगे। इसके साथ ही बिन्दुखत्ता में कम से कम 1000 लोगों के बैठने की क्षमता वाले भव्य सांस्कृतिक हॉल का निर्माण किया जाएगा, ताकि क्षेत्र में बड़े सांस्कृतिक आयोजनों को बेहतर मंच मिल सके।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। उन्होंने लोकगायक प्रहलाद दा को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वे केवल एक लोकगायक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ का जनजीवन, सामाजिक सरोकार, महिलाओं का संघर्ष और अपनी जन्मभूमि के प्रति प्रेम स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ जैसे गीत के माध्यम से प्रहलाद दा ने बेटियों के सम्मान और उनके जीवन के अधिकार का संदेश दिया, जबकि ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ जैसे गीतों में अपनी माटी और जन्मभूमि से जुड़े रहने की भावना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि किसी कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यही है कि उसके जाने के बाद भी उसकी कला और विचार समाज के बीच जीवित रहें। प्रहलाद दा ने यह उपलब्धि हासिल की है।

लोकसंस्कृति हमारी पहचान, इसे अगली पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकथात महोत्सव का उद्देश्य लोकभाषा, लोककला, लोकसंगीत और पारंपरिक रीति-रिवाजों का संरक्षण करना है। लोक का अर्थ जनता और थात का अर्थ हमारी विरासत एवं धरोहर है। उन्होंने कहा कि जो समाज अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजकर रखता है, उसकी जड़ें हमेशा मजबूत रहती हैं। आधुनिकता के दौर में नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन बेहद महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार विकास भी और विरासत भी के मंत्र पर काम कर रही है। एक ओर सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर ऐतिहासिक एवं पौराणिक मंदिरों और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

लालकुआं विधानसभा में चल रहे विकास कार्यों का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि क्षेत्र में विभिन्न पुलों का निर्माण, विद्युत व्यवस्था का विस्तार और बाढ़ सुरक्षा योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। बिन्दुखत्ता में लगभग 15 वर्षों से विद्युतीकरण पर लगी रोक हटने के बाद करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत लाइनें, नए पोल और ट्रांसफार्मर स्थापित किए जा रहे हैं।

इसके अलावा लालकुआं क्षेत्र की बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए लगभग 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। हल्दूचौड़ के राजकीय महाविद्यालय को पीजी कॉलेज का दर्जा दिया गया है। गौला और नन्धौर नदियों से होने वाले कटाव को रोकने के लिए बाढ़ सुरक्षा योजनाओं तथा जंगल से सटे क्षेत्रों में सौर ऊर्जा आधारित तारबाड़ लगाने का कार्य भी किया जा रहा है।

बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने पर भी हुई चर्चा

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने का विषय क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही अपेक्षा है। सरकार इस दिशा में ठोस प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है और भारत सरकार के साथ लगातार संवाद स्थापित किया गया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वनाधिकार समिति बिन्दुखत्ता के प्रतिनिधियों के साथ भी राजस्व ग्राम के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की और इस दिशा में ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया।

लोक कलाकारों को किया सम्मानित

महोत्सव के दौरान लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान तथा जीवन सिंह दानु को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति बिन्दुखत्ता को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कौरंगा, शोएब अहमद, डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष रविंद्र रेकुनी, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय, लोक कलाकार कमल मेहरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

 

Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page