महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी के आरोपी की गिरफ्तारी पर महिला मोर्चा ने जताया आभार

रुचि भट्ट बोलीं- धामी सरकार ने दिया स्पष्ट संदेश, महिला सम्मान से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा

देहरादून। सोशल मीडिया पर स्वयं को “पहाड़ प्रेमी राजेंद्र उत्तराखंडी” नाम से प्रस्तुत करने वाले आरोपी द्वारा भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं और महिलाओं के खिलाफ कथित अभद्र एवं अपमानजनक टिप्पणियां किए जाने के मामले में आरोपी राजेंद्र सिंह की गिरफ्तारी के बाद भाजपा महिला मोर्चा ने उत्तराखंड पुलिस और राज्य सरकार की कार्रवाई का स्वागत किया है। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ने त्वरित कार्रवाई कर यह स्पष्ट कर दिया है कि महिलाओं के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शनिवार को रुचि भट्ट के नेतृत्व में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता देहरादून स्थित कोतवाली डालनवाला पहुंचीं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए उत्तराखंड पुलिस का आभार व्यक्त किया।
रुचि भट्ट ने कहा कि सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने वालों को कानून के दायरे में लाकर सरकार ने मातृशक्ति की गरिमा की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं के सम्मान के साथ समझौता करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है।
उन्होंने बताया कि भाजपा महिला मोर्चा ने इस मामले में पूरे प्रदेश में लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज उठाई थी। पुलिस प्रशासन ने संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसके लिए महिला मोर्चा उत्तराखंड पुलिस और पुलिस प्रशासन का धन्यवाद करता है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में कानून का राज स्थापित है और महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई उन लोगों के लिए भी कड़ा संदेश है, जो सोशल मीडिया की आड़ में महिलाओं का अपमान करने का प्रयास करते हैं। ऐसे मामलों को समाज भी स्वीकार नहीं करेगा और कानून भी सख्ती से कार्रवाई करेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा आगे भी महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वाभिमान की रक्षा के लिए सजग रहेगा तथा महिला विरोधी मानसिकता का लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से मजबूती से सामना करेगा।
इस दौरान महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने भी एक स्वर में कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति संगठित है और महिलाओं के सम्मान पर किसी भी प्रकार का आघात अब बिना कानूनी कार्रवाई के नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला सम्मान सर्वोपरि है और इसकी रक्षा के लिए समाज और प्रशासन का समन्वय आगे भी इसी तरह बना रहेगा।
इस अवसर पर डॉ. हिमानी वैष्णव, डॉ. नेहा शर्मा, सुमन सिंह, बबली चौहान, पूनम शर्मा, नीलू साहनी, पूनम ममगाईं, डॉ. दिव्या नेगी, मनोरमा काला, रानी सैनी सहित भाजपा महिला मोर्चा की अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page