भूकंप का सायरन कल सुबह 11 बजे बजेगा, घबराएं नहीं—यह होगा पूर्व चेतावनी प्रणाली का परीक्षण

देहरादून। उत्तराखंड में भूकंप के प्रति आमजन को जागरूक करने और राज्य में स्थापित भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली की कार्यप्रणाली जांचने के लिए 09 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे राज्यभर में भूकंप चेतावनी सायरन का परीक्षण किया जाएगा।
आपदा प्रबंधन विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान बजने वाला सायरन किसी वास्तविक भूकंप की सूचना नहीं होगा। यह पूर्व निर्धारित परीक्षण है, जिसका उद्देश्य लोगों को सायरन की आवाज से परिचित कराना और आपात स्थिति में समय रहते चेतावनी को पहचानने के लिए तैयार करना है।
169 सेंसर और 112 सायरन की होगी जांच
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन के अनुसार, वर्तमान में राज्य में भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली के तहत 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं। परीक्षण के दौरान इनकी कार्यप्रणाली जांची जाएगी। किसी स्थान पर तकनीकी खामी मिलने पर उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाएगा।
राज्य में इस चेतावनी व्यवस्था को और मजबूत करने की भी तैयारी है। भविष्य में सेंसर और सायरन की संख्या बढ़ाकर लगभग 5 से 10 किलोमीटर के अंतराल पर इन्हें स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। यूएसडीएमए और आईआईटी रुड़की के सहयोग से अतिरिक्त सेंसर स्थापित करने का प्रस्ताव भी प्रक्रिया में है।
मोबाइल पर भी मिलेगा टेस्ट अलर्ट
09 अक्टूबर को सुबह 11 बजे होने वाले परीक्षण के दौरान भूदेव मोबाइल ऐप उपयोगकर्ताओं को भी परीक्षण चेतावनी संदेश, वाइब्रेशन और बीप-बीप की ध्वनि प्राप्त हो सकती है।
विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अपने मोबाइल में भूदेव ऐप का अपडेटेड वर्जन रखें और ऐप को आवश्यक लोकेशन अनुमति प्रदान करें, ताकि वास्तविक भूकंप की स्थिति में चेतावनी समय पर प्राप्त हो सके।
हर महीने 09 तारीख को होगा परीक्षण
यूएसडीएमए की अपील के अनुसार, प्रत्येक माह की 09 तारीख को पूर्वाह्न 11 बजे सायरन बजाकर प्रणाली का नियमित परीक्षण किया जाएगा। आमजन से आग्रह किया गया है कि सायरन सुनकर घबराएं नहीं और इसे पूर्व निर्धारित परीक्षण के रूप में समझें।
विभाग ने परिवार के सदस्यों, बच्चों और बुजुर्गों को भी इस व्यवस्था की जानकारी देने की अपील की है। साथ ही लोगों से भूकंप के दौरान सुरक्षित व्यवहार और आपदा प्रबंधन संबंधी जानकारी प्राप्त करने तथा मॉक ड्रिल में सक्रिय भागीदारी करने का अनुरोध किया गया है।







