माया उपाध्याय के लोकगीतों पर झूम उठा सरस मेला, महिला समूहों के उत्पाद खरीदने की अपील

हल्द्वानी, 26 नवंबर 2026। राष्ट्रीय सरस आजीविका मेले के तीसरे दिन गुरुवार को जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा धर्मवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने मेले में आए लोगों से स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों के सामान की खरीदारी करने की अपील की।

दीपा धर्मवाल ने कहा कि हल्द्वानी में राष्ट्रीय सरस मेले का आयोजन गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि महिला आत्मनिर्भर बनती है तो परिवार के साथ-साथ समाज को भी सशक्त करती है। लोगों से मेले के स्टॉलों का भ्रमण करने और महिलाओं के स्वरोजगार को प्रोत्साहन देने के लिए कुछ न कुछ खरीदने का आग्रह किया।

गुरुवार की स्टार नाइट में उत्तराखंड की लोकगायिका माया उपाध्याय ने कुमाऊंनी गीतों की प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनके गीतों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साह जताया और पूरा मेला परिसर उत्तराखंडी लोकधुनों से गूंज उठा।
माया उपाध्याय ने लाली हो लाली स्या, हाई काकड़ी झिल मा लूण पिसो सिल मा, छोरी लछिमा सूरा-सूरा हवा चली, रधुली नथुली का डोर, दिल्ली को बाजारा लागी माया, ओ भिना कसिके जानू द्वारहटा, बेडू पाको बारामासा और नारैणा काफल पाको चेता मेरी छैला सहित कई लोकप्रिय गीत सुनाए। उनकी प्रस्तुति को स्थानीय लोगों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, जिला सूचना अधिकारी अहमद नदीम, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।








