बच्चों को भी ऐसे बिस्तर पर नहीं रखेंगे: एसटीएच की बदहाल व्यवस्थाओं पर डीएम ने लगाई फटकार

हल्द्वानी, 26 नवंबर 2026 (सू.वि.)। सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में गंदगी, टूटे शीशे और रैन बसेरे की खराब स्थिति देखकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने नाराजगी जताई। गुरुवार को औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन को व्यवस्थाएं तत्काल सुधारने के निर्देश दिए।

रैन बसेरे की स्थिति पर जिलाधिकारी ने पीएमएस से सवाल किया, “क्या हम अपने बच्चों को ऐसे बिस्तर पर रखेंगे?” उन्होंने कहा कि सर्दियों में मरीज और तीमारदार ठंड से बचें, इसके लिए जरूरी इंतजाम किए जाएं। टूटे शीशों और गंदगी को देखते हुए उन्होंने साफ-सफाई दुरुस्त करने और मरीजों को मच्छर-मक्खियों से बचाने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने बाल रोग, महिला, गायनी, जनरल और सर्जरी वार्ड सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनके इलाज और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में लाइट और हीटर की व्यवस्था शीघ्र की जाए तथा नमी वाले कमरों को ठीक कराया जाए।
बाहर से दवाएं लिखने पर रोक
चिकित्सकों को मरीजों के लिए जेनेरिक दवाएं लिखने और अस्पताल में उपलब्ध दवाओं से ही उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि अस्पताल के बाहर से दवाएं लिखने की व्यवस्था पूरी तरह बंद होनी चाहिए, ताकि गरीब मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।

सफाई व्यवस्था की निगरानी के निर्देश
अस्पताल में स्वच्छता का काम देख रहे आउटसोर्स ठेकेदार को सैनिटेशन, शौचालय, बाथरूम और फर्श की सफाई मानकों के अनुसार बनाए रखने की हिदायत दी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि नियमों का पालन न होने पर संबंधित ठेकेदारों का लाइसेंस रद्द या निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य के निर्देशों के अनुपालन के लिए टीम जल्द निरीक्षण करेगी।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, पीएमएस डॉ. अजय आर्य, एमएस डॉ. अरुण जोशी और अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।








