हल्द्वानी में चोरी का खुलासा, सोने के कड़े और 2.29 लाख रुपये के साथ शातिर चोर गिरफ्तार

हल्द्वानी, 26 नवंबर 2026: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर हल्द्वानी पुलिस ने चोरी की एक बड़ी घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए दो सोने के कड़े (लगभग 5 तोला) और 2,29,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

मामला गुरुनानकपुरा, हल्द्वानी निवासी अतुल नागपाल पुत्र स्वर्गीय यशपाल नागपाल की तहरीर पर सामने आया। उन्होंने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी कि दिनांक 17.11.2026 को आसिफ नाम का व्यक्ति उनके घर में गीजर ठीक करने के बहाने आया था और घर की अलमारी से सोने के जेवर चोरी कर ले गया।

वादी की तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में मु0 FIR संख्या 400/26, धारा 305(4) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना उपनिरीक्षक कृपाल सिंह को सौंपी गई।

घटना का संज्ञान लेते हुए एसएसपी नैनीताल ने शीघ्र अनावरण और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को सख्त निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी श्री हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी श्री लव शर्मा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी रोहताश सागर के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।

टीम ने सुरागरसी-पतारसी और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया। जांच में आरोपी की पहचान आसिफ पुत्र शमीम अहमद के रूप में हुई।

पुलिस टीम ने दिनांक 26.11.2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो पीली धातु के कड़े (लगभग 5 तोला) और 2,29,000 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस के अनुसार बरामद नकदी चोरी के आभूषण को बेचकर अर्जित धनराशि है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

गिरफ्तार अभियुक्त: आसिफ पुत्र शमीम अहमद, निवासी लाइन नंबर-18, आजाद नगर, चोरगलिया रोड, थाना बनभूलपुरा, जनपद नैनीताल, उम्र 33 वर्ष।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम:
उ0नि0 कृपाल सिंह, प्रभारी चौकी भोटियापड़ाव
कानि0 विजय भारद्वाज
कानि0 सतवीर सिंह

सराहनीय कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने पुलिस टीम को 2,000 रुपये की धनराशि से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page