संविधान के मूल्यों से ही सशक्त होगा लोकतंत्र, गुंजन तिवारी ने विद्यार्थियों को किया जागरूक
वासुदेव लॉ कॉलेज में संविधान दिवस पर भव्य आयोजन, प्रस्तावना का वाचन कर संविधान की रक्षा का लिया संकल्प

हल्द्वानी। संविधान दिवस के अवसर पर लामाचौड़ स्थित वासुदेव लॉ कॉलेज में बुधवार को भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता गुंजन तिवारी की उपस्थिति में विद्यार्थियों, शिक्षाविदों एवं गणमान्य अतिथियों ने भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों और लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में विचार व्यक्त करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता गुंजन तिवारी ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान की महत्ता समझाते हुए कहा कि वर्तमान समय की चुनौतियों का सामना करने और समाज में न्यायपूर्ण व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवैधानिक मूल्यों की समझ बेहद जरूरी है।
संविधान की समझ ही एक अच्छे विधिवेत्ता की पहचान
गुंजन तिवारी ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उनके भविष्य, विधि शिक्षा के महत्व और एक सफल विधिवेत्ता के गुणों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि कानून की पढ़ाई केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसके माध्यम से समाज को न्याय दिलाने और जरूरतमंदों के अधिकारों की रक्षा करने का संकल्प भी होना चाहिए। एक अच्छे विधिवेत्ता के लिए संविधान की गहरी समझ, निष्पक्षता, तर्कशक्ति, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव आवश्यक है।







