उत्तरकाशी के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड: 33 मकान जलकर राख, 58 परिवार बेघर; पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी खाक

उत्तरकाशी। जनपद के सीमांत विकासखंड मोरी की ग्राम पंचायत पवाणी में मंगलवार शाम भीषण अग्निकांड ने भारी तबाही मचा दी। एक मकान में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और लकड़ी के बने आसपास के मकानों को अपनी चपेट में ले लिया।

पुरोला एसडीएम से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, इस हादसे में गांव के 33 आवासीय मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं, जबकि 1 पंचायत भवन और 1 प्राथमिक विद्यालय भी क्षतिग्रस्त हुआ है। इस अग्निकांड से कुल 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। राहत की बात यह रही कि गांव के 13 मकान आग की चपेट में आने से सुरक्षित बच गए।
बताया जा रहा है कि आग के दौरान 5 से 7 गैस सिलिंडर भी फटे, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई और आग और तेजी से फैल गई। सौभाग्य से अब तक किसी भी व्यक्ति या पशु के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग की टीमों को मौके के लिए रवाना कर दिया। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण राहत एवं बचाव दल को पहुंचने में समय लगा, लेकिन प्रशासन की ओर से आवश्यक राहत सामग्री भी प्रभावित परिवारों को भेजी जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। उन्होंने जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने, प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आग से हुए नुकसान का आकलन कर नियमानुसार राहत दी जाएगी और इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
वहीं, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री से मिलकर प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित आवास, भोजन, पेयजल, कंबल, कपड़े और अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था के साथ-साथ नुकसान का शीघ्र आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।
कड़ाके की ठंड के बीच 58 परिवारों के सिर से छत छिन जाने से उनके सामने आशियाने और रोजमर्रा की जरूरतों का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। कई परिवारों की वर्षों की मेहनत से जुटाई नकदी, सोना-चांदी, घरेलू सामान और संपत्ति भी आग में स्वाहा हो गई।







