नैनीताल को मिले नए पुलिस कप्तान: अर्पण यदुवंशी बने SSP, मंजूनाथ टीसी का तबादला

हल्द्वानी / देहरादून। उत्तराखंड शासन ने बुधवार रात पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में नैनीताल समेत छह जनपदों के पुलिस कप्तान बदल दिए गए हैं।

नैनीताल जिले के नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) की जिम्मेदारी IPS अधिकारी अर्पण यदुवंशी को सौंपी गई है। वे 2017 बैच के IPS अधिकारी हैं। इससे पहले वे उत्तरकाशी के पुलिस अधीक्षक, उत्तराखंड STF और SDRF के सेनानायक के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।

उनके कार्यकाल में उत्तराखंड SDRF को ISO 9001:2015 गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली का प्रमाणन मिला था। इसके साथ उत्तराखंड SDRF देश की पहली ऐसी आपदा प्रतिवादन बल बनी, जिसे यह मान्यता प्राप्त हुई।

वहीं, करीब 13 महीने तक नैनीताल की कानून व्यवस्था संभालने वाले वर्तमान SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी को 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक बनाया गया है।

किस जिले को कौन मिला:

नैनीताल: अर्पण यदुवंशी
ऊधम सिंह नगर: मणिकांत मिश्रा
पौड़ी: देवेंद्र पींचा
टिहरी: सरिता डोबाल
चमोली: अमित श्रीवास्तव द्वितीय
बागेश्वर: डॉ. जगदीश चंद्र

इसके अलावा ऊधम सिंह नगर के SSP अजय गणपति को SDRF का सेनानायक और टिहरी की SSP श्वेता चौबे को IRB का सेनानायक बनाया गया है।

नैनीताल में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अर्पण यदुवंशी के सामने कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, पर्यटन सीजन में पुलिस व्यवस्था और जनसुरक्षा को बेहतर बनाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।

Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page