बागेश्वर में लापता अधिवक्ता धीरेंद्र परिहार का शव गधेरे में मिला, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप
17 दिनों से थे लापता, शव मिलने के बाद पुलिस ने तेज की जांच; इलाके में सनसनी

बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जनपद में पिछले 17 दिनों से लापता चल रहे अधिवक्ता एवं पूर्व सभासद धीरेंद्र परिहार का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। बुधवार देर शाम नदीगांव क्षेत्र में थोड़ाई के पास एक गधेरे से उनका शव बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धीरेंद्र परिहार बीते 17 दिनों से लापता थे। परिजनों और स्थानीय लोगों की ओर से उनकी तलाश की जा रही थी। बुधवार को गधेरे में शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
शव मिलने के बाद मामले में हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस जांच तेज, कई पहलुओं पर पड़ताल
अधिवक्ता धीरेंद्र परिहार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। उनके लापता होने से लेकर शव बरामद होने तक की परिस्थितियों को खंगाला जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश तो नहीं है।
इस घटना से बागेश्वर के अधिवक्ता समुदाय और स्थानीय लोगों में शोक एवं आक्रोश का माहौल है। सभी की निगाहें अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।
मानस दर्पण समाचार








