दीपावली पर अग्नि सुरक्षा को लेकर हल्द्वानी में जागरूकता अभियान

हल्द्वानी। दीपावली पर अग्निकांड की घटनाओं को रोकने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए फायर स्टेशन हल्द्वानी की टीम ने विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों और आवासीय कॉलोनियों में नागरिकों, व्यापारियों और बच्चों को आतिशबाजी के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार के पर्यवेक्षण और अग्निशमन अधिकारी हल्द्वानी मिंदर पाल के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।
फायर सर्विस टीम ने लोगों से पटाखे खुले स्थान पर जलाने, संकरी गलियों और घरों की बालकनी में आतिशबाजी न करने तथा पास में पानी और मिट्टी से भरी बाल्टियां रखने की अपील की। साथ ही, सूती कपड़े पहनने, बच्चों को बड़ों की निगरानी में पटाखे चलाने और दुकानों में कार्यशील अग्निशामक यंत्र रखने की सलाह दी।
नैनीताल पुलिस ने दीपावली के दौरान नागरिकों से सावधानी बरतने और अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।








