मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया एनकेबी टाइम्स का शुभारंभ, बोले– स्वस्थ लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता जरूरी

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित विंटेज ग्रीन में आयोजित समारोह में समाचार पोर्टल एनकेबी टाइम्स का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पोर्टल की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष, सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता बेहद आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता समाज को जागरूक करने के साथ ही आम जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है। पत्रकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की आवाज बनकर उसकी समस्याओं को सामने लाते हैं और उनके समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एनकेबी टाइम्स जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए पत्रकारिता के उच्च आदर्शों और मूल्यों को आगे बढ़ाएगा।

‘सबके राम’ का संदेश समाज को जोड़ने की प्रेरणा
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘सबके राम’ की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक धर्म, जाति या वर्ग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके आदर्श संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। भारतीय संस्कृति में भगवान श्रीराम को मर्यादा पुरुषोत्तम, आदर्श राजा और मानवीय मूल्यों का प्रतीक माना गया है। उनका जीवन त्याग, संयम, साहस, सहयोग, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर व्यक्त विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम ऊर्जा, समाधान और अनंतकाल के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श समाज में एकता, सद्भाव और परस्पर सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि अयोध्या से रामेश्वरम तक भगवान श्रीराम से जुड़ी आस्था और परंपराएं भारत की सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ करती हैं। ‘सबके राम’ का भाव समाज को जोड़ने और मानवीय मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।
नमन कृष्ण महाराज ने भी रखे विचार
इस अवसर पर श्री नमन कृष्ण महाराज ने भगवान श्रीराम के जीवन, उनके आदर्शों और आध्यात्मिक महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, श्रीमती सरिता आर्या एवं राजेश शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दायित्वधारी डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, नवीन वर्मा, भावना मेहरा एवं रेणु अधिकारी उपस्थित रहे।
एनकेबी टाइम्स के निदेशक आदित्य सिसौदिया, सिद्धार्थ सिसौदिया, आशुतोष सिंह एवं गणेश जोशी भी समारोह में मौजूद रहे।
इसके अलावा कुमाऊं मंडलायुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति कार्यक्रम में शामिल हुए।
समारोह में एनकेबी टाइम्स के शुभारंभ के साथ ही जिम्मेदार, सकारात्मक और जनहितकारी पत्रकारिता को आगे बढ़ाने का संकल्प भी प्रमुखता से सामने आया।







