जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरकर सारथी फाउंडेशन ने मनाई दिवाली
पहले गरीब परिवारों के साथ बांटी खुशियां, फिर मनाएंगे अपनी दिवाली; उपहार पाकर खिले बच्चों और परिवारों के चेहरे

हल्द्वानी, 2 नवंबर। दीपावली का पर्व केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का ही नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों के जीवन में खुशियों का उजाला भरने का भी संदेश देता है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए सारथी फाउंडेशन समिति ने इस वर्ष भी अपनी परंपरा को कायम रखते हुए मेहनतकश एवं जरूरतमंद परिवारों के साथ दिवाली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया। संस्था की ओर से जरूरतमंद परिवारों को दीपावली की खुशियां बांटते हुए उपहार भेंट किए गए।
मुखानी रोड स्थित मां जगदम्बा बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में संस्था की ओर से पूर्व में चिह्नित जरूरतमंद परिवारों को दीपावली के उपहार वितरित किए गए। उपहार सामग्री में मोमबत्ती, मिठाई, खिलौने, खील-बताशे, जूस, चिप्स, नमकीन, बिस्कुट सहित त्योहार से जुड़ी अन्य आवश्यक सामग्री शामिल रही। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखते ही बन रही थी, वहीं परिवारों ने भी संस्था के इस प्रयास की सराहना की।
गरीब परिवारों के साथ दिवाली मनाना ही संस्था की प्राथमिकता
कार्यक्रम में मौजूद परिवारों ने सारथी फाउंडेशन समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था हर वर्ष दीपावली से पहले जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा करती है। संस्था की यह पहल समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की मिसाल पेश कर रही है। परिवारों ने कहा कि सारथी फाउंडेशन पहले गरीब परिवारों के साथ दिवाली मनाती है और इसके बाद अपनी दिवाली मनाती है। उन्होंने संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
सेवा और सहयोग ही संस्था की असली पूंजी : नवीन पंत
संस्था के अध्यक्ष नवीन पंत ने सभी मेहनतकश एवं जरूरतमंद परिवारों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम में सहभागिता के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी परिवारों को दीपावली सामग्री के पैक उपहार स्वरूप भेंट किए। उन्होंने कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी है, जब समाज के हर वर्ग के चेहरे पर मुस्कान हो और कोई भी परिवार खुशियों से वंचित न रहे।
हर वर्ष जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचती है संस्था : ज्ञानेन्द्र जोशी
संस्था के सचिव ज्ञानेन्द्र जोशी ने कहा कि सारथी फाउंडेशन समिति हर वर्ष दीपावली से पहले इस तरह का आयोजन करती है। इस वर्ष भी संस्था ने जरूरतमंद परिवारों के साथ दीपावली की खुशियां साझा की हैं। उन्होंने कहा कि आप सभी का स्नेह और आशीर्वाद ही संस्था की असली पूंजी है। संस्था भविष्य में भी इसी भावना के साथ सामाजिक सेवा के कार्य जारी रखेगी। उन्होंने सभी को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष नवीन पंत, सचिव ज्ञानेन्द्र जोशी, चार्टर्ड अकाउंटेंट सरोज आनंद जोशी, गिरीश चंद्र लोहनी, गीता बेलवाल, हेमा जोशी, मीना साही, पूजा पंत, भावना जोशी, कौशल्या जोशी, बीना जोशी, रंजना जोशी, भावना पांडे, रमा जोशी, दीप्ति जोशी, भगवती बिष्ट, जयप्रकाश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।







