राज्य स्थापना दिवस पर नैनीताल और हल्द्वानी में होंगी मैराथन दौड़, नैनी झील में नौकायन प्रतियोगिता और हिमालय फूड फेस्टिवल का होगा आयोजन

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां, शहीद स्मारक पर दी जाएगी राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि

नैनीताल, 3 नवंबर। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की वर्षगांठ को भव्य एवं उत्साहपूर्वक मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय सभागार, नैनीताल में विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थापना दिवस समारोह के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद के प्रमुख राजकीय भवनों को एलईडी लाइटों से रोशन किया जाएगा। कुमाऊं मंडल विकास निगम भी अपने कार्यालयों एवं पर्यटक आवास गृहों को आकर्षक विद्युत सज्जा से प्रकाशित करेगा।

नैनीताल और हल्द्वानी में होगी मैराथन दौड़

राज्य स्थापना दिवस पर नैनीताल एवं हल्द्वानी में विशेष मैराथन दौड़ आयोजित की जाएगी। नैनीताल में दौड़ डीएसए मैदान मल्लीताल से शुरू होकर निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए पुनः डीएसए मैदान में संपन्न होगी। वहीं हल्द्वानी में गौलापार स्टेडियम से मैराथन दौड़ का शुभारंभ होगा और निर्धारित मार्ग से होते हुए दौड़ स्टेडियम में ही समाप्त होगी।

इन प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट भी प्रतिभाग करेंगे। दोनों स्थानों पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल सुविधाओं से युक्त एंबुलेंस तथा पुलिस विभाग को यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए।

शहीद स्मारक पर होगा श्रद्धांजलि कार्यक्रम

स्थापना दिवस के अवसर पर प्रातः 9 बजे तल्लीताल स्थित राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय प्रताप सिंह के शहीद स्मारक पर उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रहेगी। जिलाधिकारी ने नगर पालिका को स्मारक की साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं पुष्पमालाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएसए मैदान में मुख्य समारोह, नैनी झील में नौकायन प्रतियोगिता

मुख्य राज्य स्थापना दिवस समारोह प्रातः 10 बजे डीएसए मैदान नैनीताल में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे नैनी झील में नौकायन प्रतियोगिता शुरू होगी। अपराह्न 1 बजे से डीएसए मैदान में हिमालय फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पहाड़ के पारंपरिक एवं स्थानीय व्यंजनों के विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मंच निर्माण, स्टॉल, साउंड सिस्टम, लाइटिंग, साफ-सफाई, नौकायन, सेलिंग, रिंगाटा एवं दीपदान सहित सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

विभिन्न विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

बैठक में जल संस्थान को निर्बाध जलापूर्ति, जिला पूर्ति विभाग को अतिथियों के जलपान, उद्यान विभाग को अतिथि सत्कार तथा जिला पर्यटन विकास अधिकारी को हिमालय फूड फेस्टिवल एवं टेंट व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई।

विद्युत विभाग को मुख्य मंच एवं स्टॉलों में विद्युत संयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं शिक्षा विभाग, संस्कृति विभाग एवं सूचना विभाग को आपसी समन्वय से उद्घोषक, बैंड प्रस्तुति, सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकियां एवं छोलिया नृत्य जैसे पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित कराने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्य स्थापना दिवस के आयोजन को गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी सौरभ अस्वाल, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष कुमार पंत, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, जिला पर्यटन अधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, सीओ नैनीताल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page