पिथौरागढ़ विकास प्राधिकरण की सप्तम बोर्ड बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मिली मंजूरी, अवस्थापना विकास पर रहेगा विशेष जोर

दीपक रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक, पार्किंग में ईवी चार्जिंग और ऑटोमेशन सिस्टम स्थापित करने के निर्देश

हल्द्वानी, 2 नवंबर 2026।

पिथौरागढ़ जनपद में शहरी विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण की सप्तम बोर्ड बैठक आयोजित की गई। सचिव मुख्यमंत्री एवं आयुक्त कुमाऊं मंडल तथा जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पिथौरागढ़ के अध्यक्ष दीपक रावत की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर आवश्यक स्वीकृतियां प्रदान की गईं।

बैठक में पूर्व में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा के साथ वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्राधिकरण के प्रस्तावित व्यय पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त प्राधिकरण के स्थायी प्रशासनिक भवन के निर्माण को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में प्राधिकरण द्वारा निर्मित विभिन्न बहुमंजिला पार्किंग स्थलों में इलेक्ट्रिक वाहनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ईवी चार्जिंग स्टेशन तथा ऑटोमेशन सिस्टम स्थापित करने के निर्देश दिए गए। इससे पार्किंग व्यवस्था को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।

सौंदर्यीकरण से लेकर खेल सुविधाओं तक होंगे विकास कार्य

जनहित को प्राथमिकता देते हुए प्राधिकरण क्षेत्र में विभिन्न अवस्थापना विकास कार्यों को स्वीकृति देने और उनके आगणन तैयार करने के निर्देश दिए गए। इनमें विभिन्न स्थानों पर सौंदर्यीकरण, पार्क एवं ओपन जिम का निर्माण, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, ऑडिटोरियम, खेल संबंधी आधारभूत सुविधाओं का विकास, रास्तों एवं नालों का निर्माण तथा सार्वजनिक स्थलों पर आवश्यकता के अनुसार सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने जैसे कार्य शामिल हैं।

बैठक में समय-समय पर जारी शासनादेशों को प्राधिकरण में अंगीकृत करने की स्वीकृति भी प्रदान की गई। इसके साथ ही प्राधिकरण में कार्यरत नियमित कार्मिकों के लिए राज्य सरकार स्वास्थ्य योजना लागू करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।

भविष्य की आवासीय जरूरतों के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश

आने वाले समय में क्षेत्र की बढ़ती आवासीय आवश्यकताओं को देखते हुए वृहद आवासीय परियोजनाओं के निर्माण की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। अध्यक्ष दीपक रावत ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निकट भविष्य की जरूरतों के अनुरूप पर्याप्त भूमि का चिन्हीकरण किया जाए, ताकि सुनियोजित आवासीय विकास को गति दी जा सके।

बैठक में जिलाधिकारी पिथौरागढ़ एवं प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आशीष भट्टगई, प्राधिकरण के सचिव योगेंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।

मानस दर्पण | हल्द्वानी


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page