धामी कैबिनेट: आशा का मानदेय 10 हजार हुआ, बिंदुखत्ता के नियमितीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ी

देहरादून / लालकुआं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में वन भूमि, भर्ती, मानदेय, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय बिंदुखत्ता समेत वन क्षेत्रों में वर्षों से बसी आबादी से जुड़ा रहा। कैबिनेट ने ऋषिकेश के बापूग्राम की 594 एकड़ आरक्षित वन भूमि के साथ बिंदुखत्ता और अन्य वन क्षेत्रों में बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने पर सैद्धांतिक सहमति दी है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत राज्य सरकार अब इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगी।

इस फैसले से बिंदुखत्ता, बापूग्राम समेत वन भूमि पर बसे हजारों परिवारों को मालिकाना हक मिलने की उम्मीद जगी है। बसे हुए लोगों की जमीनों को नियमित करने के लिए नीति बनाने को लेकर उप मंत्रिमंडलीय समिति गठित करने को भी मंजूरी मिली है।

आशा कार्यकर्ताओं को सौगात: कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1,700 रुपये की वृद्धि को मंजूरी दी है। अभी तक उन्हें 8,300 रुपये मिलते थे, अब बढ़कर उन्हें 10,000 रुपये मानदेय मिलेगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी पर निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।

अन्य बड़े फैसले: वन आरक्षी भर्ती में अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक प्रभावी रहेगी। राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी करने वाले डॉक्टरों को कोर्स पूरा होने के बाद दो वर्ष तक राज्य में सेवाएं देनी होंगी। इसके लिए बॉन्ड की व्यवस्था को स्वीकृति दी गई है। चीनी मिलों को ऋण उपलब्ध कराने के लिए सरकार 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देगी।

फिलहाल बिंदुखत्ता को राजस्व गांव घोषित करने या मालिकाना हक देने की अंतिम अधिसूचना जारी नहीं हुई है। केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने और नीति बनने के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी होगी।

Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page