नाबार्ड की ग्राम युवा शक्ति पहल से युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर

भीमताल में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, करीब 100 विद्यार्थियों ने किया प्रतिभाग

भीमताल, 27 नवंबर। ग्रामीण युवाओं को उद्यमिता और स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) की ओर से राष्ट्रव्यापी ग्राम युवा शक्ति अभियान के अंतर्गत बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड साइंसेज, भीमताल में जिला स्तरीय जागरूकता एवं प्रेरणा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के करीब 100 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग कर उद्यमिता और स्वरोजगार की संभावनाओं की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक मुकेश बेलवाल ने युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ-साथ रोजगार सृजनकर्ता बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों, खाद्य प्रसंस्करण, ग्रामीण पर्यटन, विनिर्माण, सेवा क्षेत्र और तकनीक आधारित उद्यमों में स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने नाबार्ड की विभिन्न योजनाओं और ग्रामीण उद्यमिता को प्रोत्साहित करने वाली पहलों की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम में विभिन्न बैंकों, विभागों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने युवाओं को बैंक ऋण, वित्तीय सहायता, कौशल विकास, तकनीकी नवाचार, उद्यम स्थापना और विपणन से जुड़ी योजनाओं के बारे में बताया। वक्ताओं ने स्थानीय संसाधनों और आधुनिक तकनीक का उपयोग कर नए उद्यम स्थापित करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक अमित बाजपेयी, नैनीताल जिला सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक दीपक भट्ट, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की शाखा प्रबंधक ममता कुमारी, बिरला संस्थान के कंप्यूटर विज्ञान विभागाध्यक्ष अभय कुमार शर्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स विभागाध्यक्ष डॉ. शिली बिष्ट, विद्युत अभियांत्रिकी विभागाध्यक्ष सौरव जोशी, सहायक प्राध्यापक रोहित चतुर्वेदी, टेरी के विजय सिंह डंगवाल, रामनगर किसान उत्पादक संगठन के अध्यक्ष पंकज सुयाल, मेरा युवा भारत के जिला युवा कार्यालय से विनोद बोरा, दूरदर्शन समाचार उत्तराखंड के वरिष्ठ पत्रकार गितेश त्रिपाठी तथा जन शिक्षण संस्थान भीमताल के निदेशक गोपाल जी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान संवादात्मक सत्र में विद्यार्थियों ने उद्यमिता से जुड़े सवाल पूछे और अपनी व्यावसायिक रुचियां साझा कीं। कई विद्यार्थियों ने भविष्य में अपना उद्यम स्थापित करने की इच्छा भी जताई।

नाबार्ड की इस पहल का उद्देश्य संभावित युवा उद्यमियों की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन, बैंक ऋण और बाजार से जोड़ना है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है।

मानस दर्पण न्यूज़ पोर्टल

Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page