तीनपानी बाईपास पुल सड़क दुर्घटना का एसएसपी नैनीताल ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

दिनांक 11.07.2026 की रात्रि में तीनपानी बाईपास पुल पर लालकुआं की ओर से आ रही स्कॉर्पियो वाहन संख्या UK04U-7275 ने पुल के घुमाव पर एक स्कूटी को टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार चार व्यक्तियों की दर्दनाक मृत्यु हो गई।

एसपी क्राइम/यातायात नैनीताल एवं एसपी सिटी हल्द्वानी द्वारा उक्त घटना के समय बेस चिकित्सालय, हल्द्वानी पहुँचे और दुर्घटना से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त कर स्थिति का जायजा लिया था।

आज दिनांक 13-07-2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्वयं दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर घटनास्थल की परिस्थितियों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान दुर्घटना के कारणों, दोनों वाहनों की दिशा, सड़क की स्थिति तथा अन्य तकनीकी पहलुओं का गहन अध्ययन किया गया।

एसएसपी नैनीताल ने कहा कि यह अत्यंत दुःखद एवं गंभीर सड़क दुर्घटना है। दुर्घटना के प्रत्येक पहलू का विस्तृत विश्लेषण किया जा रहा है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को *दुर्घटना के कारणों का वैज्ञानिक एवं तकनीकी परीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक उपायों* के संबंध में रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना से समाज, वाहन चालकों तथा पुलिस प्रवर्तन व्यवस्था सभी को सीख लेने की आवश्यकता है। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन, निर्धारित गति सीमा का अनुपालन तथा सावधानीपूर्वक वाहन संचालन ही ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है।

पुलिस भी सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी प्रवर्तन के लिए आवश्यक कदम लगातार उठाती रहेगी।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page