ज्योलीकोट में जलजनित बीमारी से प्रभावित परिवारों से मिले मंत्री रामसिंह कैड़ा, मुआवजे का दिया भरोसा
गेठिया, छिड़ा और सड़ियाताल में पीड़ित परिवारों से की मुलाकात; स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

हल्द्वानी, 8 अक्टूबर 2026। शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन मंत्री रामसिंह कैड़ा ने गुरुवार को ज्योलीकोट क्षेत्र का भ्रमण कर जलजनित बीमारी से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। मंत्री ने गेठिया, छिड़ा एवं सड़ियाताल पहुंचकर उन परिवारों की समस्याएं सुनीं, जिन्होंने बीमारी के कारण अपने परिजनों को खोया है।
मंत्री ने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि जलजनित बीमारी के कारण हुई जनहानि के मामलों में नियमानुसार दैवीय आपदा मद से उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।
स्वच्छ पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सख्त निर्देश
रामसिंह कैड़ा ने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग और जल संस्थान के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों से पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित पेयजल और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इस दौरान मंत्री ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलीकोट का स्थलीय निरीक्षण भी किया और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
टीबी मुक्त भारत मिशन के तहत ‘जोश टीम’ का शुभारंभ
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलीकोट में टीबी मुक्त भारत मिशन के अंतर्गत ‘जोश टीम’ का शुभारंभ किया गया। मंत्री ने कहा कि यह टीम गांव-गांव जाकर टीबी के प्रति लोगों को जागरूक करेगी, बीमारी से जुड़े भ्रम एवं भ्रांतियों को दूर करेगी तथा मरीजों को नियमित रूप से पूरा उपचार लेने के लिए प्रेरित करेगी।
उन्होंने बताया कि विकासखंड स्तर पर खंड विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ ग्राम प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों का सहयोग भी लिया जाएगा।
भीमताल की 33 ग्राम सभाएं टीबी मुक्त घोषित
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि भीमताल विकासखंड की कुल 33 ग्राम सभाएं टीबी मुक्त घोषित हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि स्वास्थ्य विभाग के निरंतर प्रयासों, समय पर जांच, प्रभावी उपचार तथा टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के जमीनी स्तर पर सफल क्रियान्वयन का परिणाम है।
निरीक्षण के दौरान ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रश्मि पंत, जल संस्थान एवं जल निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
मानस दर्पण न्यूज़ पोर्टल







