कोसी नदी के तेज बहाव में बहा 16 वर्षीय किशोर, SDRF का सर्च अभियान जारी

दोस्तों के साथ नदी किनारे फोटो खींचने गया था दीपक कुमार, पैर फिसलने से हुआ हादसा; प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे सावधानी बरतने की अपील की

नैनीताल, 8 अक्टूबर 2026। बेतालघाट तहसील क्षेत्र के ग्राम रोपा में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां कोसी नदी के किनारे अपने दोस्तों के साथ फोटो खींचने गया 16 वर्षीय किशोर दीपक कुमार, पैर फिसलने के बाद नदी के तेज बहाव में बह गया। हादसे के बाद से किशोर की तलाश में खोज एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दीपक कुमार पुत्र भुवन चंद्र, निवासी ग्राम बिनकोट, तहसील बेतालघाट, 7 अक्टूबर को दोपहर करीब 1 बजे अपने तीन दोस्तों के साथ ग्राम रोपा में कोसी नदी के किनारे फोटो खींचने गया था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने तत्काल घटना की सूचना दी।

SDRF की टीम चला रही सर्च ऑपरेशन

सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और किशोर की तलाश के लिए लगातार सर्च अभियान शुरू किया। प्रशासन की टीमें नदी के आसपास संभावित स्थानों पर खोज एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

तहसीलदार श्री कैंचीधाम भुवन चंद्र भंडारी अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद हैं और पूरे खोज एवं बचाव अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

प्रशासन ने की नदी किनारे सावधानी बरतने की अपील

प्रशासन ने आम जनता, विशेषकर युवाओं एवं पर्यटकों से अपील की है कि मानसून के बाद भी नदियों का जलस्तर और बहाव कई स्थानों पर तेज है। ऐसे में नदी किनारे, चट्टानों तथा फिसलन वाले स्थानों पर फोटो या सेल्फी लेने से बचें।

अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों को नदी-नालों के किनारे अकेले न जाने दें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आपदा कंट्रोल रूम अथवा डायल 112 पर सूचना दें।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page