बायोटेक्नोलॉजी विभाग में पहली बार कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित, 37 विद्यार्थियों ने लिया भाग

हल्द्वानी, 22 अगस्त 2026। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्द्वानी के बायोटेक्नोलॉजी विभाग में शनिवार को पहली बार कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। फार्मास्यूटिकल क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी Akums Pharmaceuticals, हरिद्वार की चयन टीम ने महाविद्यालय से बीएससी एवं एमएससी बायोटेक्नोलॉजी उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की।

महाविद्यालय का बायोटेक्नोलॉजी विभाग वर्ष 2004-05 से संचालित है और स्थापना के बाद से विद्यार्थियों को बायोटेक्नोलॉजी के क्षेत्र में उच्च शिक्षा के साथ-साथ रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। इसी क्रम में विभाग द्वारा पहली बार कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया।

प्लेसमेंट ड्राइव के लिए कुल 55 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 37 विद्यार्थी चयन प्रक्रिया में प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित हुए। Akums Pharmaceuticals की चयन टीम में श्री मोनू सिंह, सीनियर एग्जीक्यूटिव एवं श्री मयंक शर्मा, एग्जीक्यूटिव शामिल रहे। टीम द्वारा विद्यार्थियों की शैक्षणिक योग्यता, विषयगत ज्ञान एवं उपयुक्तता के आधार पर चयन प्रक्रिया संपन्न की गई।

चयन प्रक्रिया के दौरान कंपनी प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन पर सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उनकी प्रतिभा एवं विषयगत क्षमता की सराहना की। कंपनी की टीम ने विद्यार्थियों को ब्राइट एवं योग्य बताते हुए उनके प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त किया। चयन प्रक्रिया का अंतिम परिणाम कंपनी द्वारा आगामी दिनों में महाविद्यालय को ई-मेल के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर एन.एस. बनकोटी द्वारा Akums Pharmaceuticals की चयन टीम का सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। प्राचार्य ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कैंपस प्लेसमेंट विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें उद्योग जगत की आवश्यकताओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में बायोटेक्नोलॉजी विभाग के समन्वयक डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह, विभागाध्यक्ष डॉ. अंशुलिका उपाध्याय, डॉ. दिशा कफलटिया, डॉ. नीलू जोशी सहित विभाग के समस्त फैकल्टी सदस्य एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बायोटेक्नोलॉजी विभाग की इस पहल से विद्यार्थियों में रोजगार के प्रति उत्साह बढ़ा है। विभाग द्वारा भविष्य में भी फार्मास्यूटिकल, बायोटेक्नोलॉजी एवं संबंधित औद्योगिक क्षेत्रों की प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर कैंपस प्लेसमेंट एवं रोजगारपरक गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page