दुष्कर्म मामले में फंसे भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष, कोर्ट ने भेजा जेल, बड़े खुलासे होने के आसार

एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, जबरन शारीरिक संबंध बनाने, गर्भपात कराने समेत विभिन्न गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज हैं.

नैनीताल: दुष्कर्म, जबरन शारीरिक संबंध बनाने, गर्भपात कराने और अन्य गंभीर आरोपों के मामले में भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे को जिला न्यायालय ने बुधवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. पुलिस ने आरोपी को मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया. जहां सुनवाई के उपरांत अदालत ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए. इस दौरान कोर्ट ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि हिरासत के दौरान पुलिस आरोपी से पूछताछ कर सकती है.

बताते चले की आरोपी को मंगलवार देर रात भवाली के कहलक्वीरा स्थित आवास से हिरासत में लिया गया. पुलिस के पहुंचने पर आरोपी ने फेसबुक पर लाइव आकर कार्रवाई का विरोध किया और हंगामा किया. इसी दौरान उसने कथित तौर पर बाथरूम में रखा बॉडी वॉश पी लिया. जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई. पुलिस उसे तत्काल बीडी पांडे जिला चिकित्सालय, नैनीताल ले गई. जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया. स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार के बाद बुधवार को उसे दोबारा नैनीताल लाकर मेडिकल कराने के बाद जिला न्यायालय में पेश किया गया.

दूसरी युवती ने भी लगाए शारीरिक शोषण के आरोप: मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब एक अन्य युवती भी सामने आई. पुलिस ने बुधवार को दूसरी युवती को भी जिला न्यायालय में पेश कर उसके न्यायिक बयान दर्ज कराए. युवती ने नरेश पांडे पर शारीरिक शोषण के आरोप लगाए हैं. पुलिस ने उसके बयान दर्ज कराने के बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64 और धारा 226 सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं की बढ़ोतरी की है.

गौरतलब है कि इससे पहले मल्लीताल कोतवाली में दर्ज मुकदमे की शिकायतकर्ता युवती के न्यायालय में बीएनएस की धारा 183 (पूर्व में सीआरपीसी की धारा 164) के तहत बयान दर्ज कराए गए थे. पुलिस के अनुसार, उस दौरान युवती ने अपने पूर्व आरोपों से अलग बयान देते हुए आरोपी के पक्ष में बयान दिया था. इसके बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए दूसरी युवती के बयान भी न्यायालय में दर्ज कराए हैं.

अन्य युवतियों के सामने आने की भी चर्चा: पुलिस जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई है कि आरोपी के खिलाफ अन्य युवतियों की ओर से भी शिकायतें मिलने की बात सामने आ रही है. पुलिस इन सभी तथ्यों का सत्यापन कर रही है. यदि पर्याप्त साक्ष्य मिले तो उन्हें भी जांच में शामिल किया जाएगा.

एसएसपी बोले, सभी पहलुओं की हो रही जांच: एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, जबरन शारीरिक संबंध बनाने, गर्भपात कराने समेत विभिन्न गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज हैं. विवेचना जारी है. उन्होंने कहा कि एक अन्य युवती के बयान भी न्यायालय में दर्ज करा दिए गए हैं. जांच के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है. सभी पक्षों के बयानों तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जाएगी.


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page