हल्द्वानी: शिव मंदिर का ताला तोड़कर चोरी करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार, चोरी का सामान व नगदी बरामद

हल्द्वानी। मंगल पड़ाव स्थित शिव मंदिर में चोरी की घटना का कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को चोरी के माल और नगदी के साथ गिरफ्तार किया है।
दिनांक 05.09.2026 को वादी गिरीश गिरी गोस्वामी पुत्र स्व. चन्द्र गिरी गोस्वामी, निवासी शिव मंदिर, मंगल पड़ाव ने कोतवाली में तहरीर दी थी कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा मंदिर के दानपात्र और अलमारी का ताला तोड़कर नगदी व पूजा सामग्री चोरी कर ली गई है। तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में FIR संख्या 303/2026 धारा 303(2) BNS के तहत अभियोग पंजीकृत कर विवेचना उ.नि. दीपक सिंह कार्की को सौंपी गई थी।
घटना के अनावरण के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल और सीओ/एएसपी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा कोतवाल विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागरसी-पतारसी की गई। अथक प्रयासों के बाद दिनांक 07.09.2026 को डीके पार्क के पास से अभियुक्त हनी सिंह (20 वर्ष) पुत्र श्याम सिंह, निवासी जवाहर नगर, फरहान मस्जिद के पास, बनभूलपुरा को गिरफ्तार किया गया।
अभियुक्त के कब्जे से तांबे के लोटे, 1 बड़ी घंटी, 12 छोटी घंटियां, 1 पीतल का भगोना, 1 पीतल का डोंगा तथा 2,808 रुपये नगद बरामद हुए हैं। बरामदगी के आधार पर अभियोग में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:
उ.नि. दीपक सिंह कार्की – चौकी प्रभारी मंगल पड़ाव
हे.कानि. सुन्दर कोहली
कानि. संतोष बिष्ट
कानि. भूपाल सिंह







