हल्द्वानी पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जनता से की मुलाकात; जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश

हल्द्वानी, 09 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत हल्द्वानी पहुंचे। एफटीआई हेलीपैड पर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद आम जनता, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने लोगों की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो।
मुख्यमंत्री के हल्द्वानी आगमन पर एफटीआई हेलीपैड में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी., मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दीपा दरम्वाल, विभिन्न दर्जा प्राप्त राज्य मंत्रीगण तथा अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से भी क्षेत्र की समस्याओं एवं विकास कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मानस दर्पण | हल्द्वानी







